अखिलेश बोले: ईडी, सीबीआई और आयकर विभाग सरकार के संगठन, जहां लड़ नहीं पाती भाजपा उन्हें आगे कर देती
Akhilesh meets Mamata Banerjee: अखिलेश यादव ने मंगलवार को कोलकाता पहुंचकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। उन्होंने यहां भाजपा पर हमला बोला है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि ईडी-सीबीआई और इनकम टैक्स विभाग भाजपा के संगठन है। ये एजेंसियां बीजेपी के साथ चलती हैं। भाजपा को लगता है कि वह जिस राज्य में नहीं लड़ पाएगी, वहां इन एजेंसियों को आगे कर देती है।
अखिलेश यादव ने ये बातें कोलकाता में पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद मीडिया से कहीं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने पूरा महाराष्ट्र का चुनाव ईडी, सीबीआई और इनकम टैक्स के साथ लड़ा और उन्हीं के बल पर जीता। एसआईआर को लेकर अखिलेश यादव ने एक बार फिर कहा कि एसआईआर ही एनआरसी है। देश में कई लोगों को नागरिकता साबित करनी पड़ रही है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि ममता बनर्जी ने पश्चिम बंगाल में भाजपा के डिजिटल डकैती को रोका है। भाजपा डाटा की डकैती करना चाहती थी। पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ही भाजपा का मुकाबला कर रही हैं। इसी तरह से मुकाबला करने से ही भाजपा को हराया जा सकता है। भाजपा पेन ड्राइव का पेन (दर्द) नहीं सहन कर पा रही है। भाजपा चुनाव आयोग से मिलकर वोट काटने में लगी है। बंगाल की ही तरह उत्तर प्रदेश में भी वोट काटे गए हैं।
सपा ने कासगंज, बहराइच, फर्रुखाबाद, बस्ती में गड़बड़ियों की शिकायत की
समाजवादी पार्टी ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर कासगंज, बहराइच, फर्रूखाबाद और बस्ती में एसआईआर प्रक्रिया में हो रही गड़बड़ियों की शिकायत की है। ज्ञापन में भाजपा को लाभ पहुंचाने की नियत से बीएलओ द्वारा काम करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही नए वोटर बनाने के लिए फार्म उपलब्ध नहीं कराने और घर-घर जाकर वोटर बनाने की प्रक्रिया को भी अमल में नहीं लाने की शिकायत की है। सपा के केके श्रीवास्तव, डॉ. हरिश्चंद्र सिंह और राधेश्याम सिंह ने राज्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन देकर त्वरित कार्रवाई करने की मांग की है।