अमिताभ के बाद गोविंदा भी बनेंगे यूपी के किसान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमिताभ बच्चन के बाद अभिनेता गोविंदा भी अब किसान बनेंगे। मोहनलालगंज तहसील में जमीन देखने के लिए बुधवार को वे अपने कुछ परिवारवालों के साथ राजधानी आए और दोपहर बाद रानीखेड़ा गांव में पहुंचे।
यहां उन्होंने 30 बीघा का फार्म हाउस देखा और इसे खरीदने पर सहमति जताई। अब कयास लगाया जा रहा है कि गुरुवार को गोविंदा मोहनलालगंज सब रजिस्ट्रार के यहां अब्दुल्ला के नाम दर्ज फार्म हाउस की रजिस्ट्री अपने नाम करा सकते हैं।
फिल्म स्टार गोविंदा का सीधे तौर पर राजधानी से कोई नाता नहीं हैं, लेकिन इंदिरानगर और गोमतीनगर में उनके परिवार के करीबी रहते हैं।
गोविंदा और उनके भांजे कृष्णा वहां अक्सर आते रहते हैं। गोविंदा केसाथ आए लोगों ने बताया कि फिल्म स्टार के साथ इस दौरान गोमतीगनर में रहने वाले उनके करीबी भी मौजूद थे।
पिछले कुछ वर्षों में गोविंदा के बड़े भाई कीर्ति आहूजा और भांजे कृष्णा राजधानी में कई इवेंट में शामिल हो चुके हैं।
हाजी मस्तान की है जमीन
रानीखेड़ा की यह जमीन मुंबई के हाजी मस्तान की थी। मस्तान ने सालों पहले इसे गांव के ही अब्दुल्ला को दान कर दिया था।
वर्तमान में इस जमीन पर मुर्गीपालन होता है। गोविंदा ने जमीन खरीदवाने वाले क्षेत्रीय मध्यस्थ राम विलास से इसकी उपजाऊ क्षमता, भौगोलिक स्थिति आदि की जानकारी ली।
करीब आधा घंटा बाद गोविंदा लखनऊ के लिए रवाना हो गए। राम विलास ने बताया कि उन्हें जमीन पसंद आ गई है। सब ठीक रहा तो एक दो दिन में रजिस्ट्री हो सकती है।
अमिताभ की है 35 बीघा जमीन
महानायक अमिताभ बच्चन की काकोरी में 35 बीघा जमीन है। बिग बी और उनके पुत्र अभिषेक बच्चन के नाम ली गई इस जमीन पर वे खेती करवाते हैं। इस साल तो बिग बी ने काकोरी के अपने खेत में पैदा हुए गेहूं और चावल मुंबई मंगाकर स्वाद भी चखा था।
बीते दिनों बेमौसम बारिश के दौरान जहां आसपास के सभी किसानों की फसलें बर्बाद हो गई थी तब अमिताभ के खेत इस बर्बादी से बच गए थे।
उस वक्त अमिताभ की जमीन पर काफी गेहूं पैदा हुआ था और उन्होंने सरकार से राहत की मांग भी नहीं की थी।