गोमांस से लदा मिनी ट्रक पकड़ा, दो गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मानकनगर इलाके में बाराबिरवां चौराहा के पास शुक्रवार दोपहर हिंदू युवा वाहिनी की टीम ने घेराबंदी करके गोमांस से लदी एक मिनी ट्रक पकड़ी। वहां एकत्र हुई आक्रोशित भीड़ ने गोहत्या के विरोध में प्रदर्शन करने के साथ चालक समेत दो लोगों की पिटाई करके उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
अफसरों ने पकड़े गए दोनों लोगों के साथ स्लॉटर हाउस के मालिक व खरीदार पर कार्रवाई का आदेश देकर प्रदर्शन खत्म कराया। सीओ आलमबाग राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि हिंदू युवा वाहिनी के योगेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम ने शुक्रवार दोपहर बाराबिरवां/नहरिया चौराहा पर घेराबंदी करके उन्नाव से आ रही गोमांस से लदी गाड़ी पकड़ी। गाड़ी के भीतर का नजारा देखकर आक्रोशित भीड़ ने चालक मुशीर अहमद व उसके साथी रवि की पिटाई करते हुए पूछताछ की।
पता चला कि वे उन्नाव के औद्योगिक क्षेत्र स्थित स्लॉटर हाउस से गोमांस लादकर दिल्ली ले जा रहे थे। भीड़ ने आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया। हंगामे की भनक लगते ही मानकनगर व कृष्णानगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। मौके पर एएसपी सिटी पूर्वी, सीओ, एसडीएम के साथ पीएसी भी बुलाई गई।
गैंगस्टर लगाने का दिया आदेश
अफसरों ने पकड़े गए मुशीर व रवि के साथ जेएस इंटरनेशनल स्लॉटर हाउस के मालिक व मांस के खरीदार के खिलाफ कार्रवाई व गैंगेस्टर लगाने का आश्वासन देकर प्रदर्शन खत्म कराया। चालक के कब्जे से जेएस इंटरनेशनल स्लॉटर की कई पर्चियां मिलीं। उसने कुबूला किया कि वह रोजाना मांस की खेप ले जाता था।
नमूना लेकर दफन कराया मांस
पशु चिकित्सा अधिकारी संजय प्रताप सिंह ने बरामद मांस के नमूने लिए और शेष मांस को मजिस्ट्रेट की अनुमति पर दफन कराया गया। नमूनों को जांच के लिए मथुरा स्थित प्रयोगशाला भेजा जा रहा है।
ऐसे पकड़ी गाड़ी
मानकनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वह कानपुर से शुक्रवार दोपहर बाइक से लौट रहे थे। रास्ते में सोहरामऊ इलाके में पास से गुजरी गाड़ी से लाल छींटे उनके गमछे पर पड़े।
संदेह होने पर गाड़ी का पीछा करने के साथ बाइक चलाते हुए अपने साथियों को कॉल की। टीम ने बाराबिरवां चौराहा पर घेराबंदी कर गाड़ी रोक ली।