पहले बच्ची से दरिंदगी, फिर बेदर्दी से पीटा और लटका दिया फंदे पर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ में एक और बेटी दरिंदगी का शिकार हो गई। घटना विभूतिखंड थाना क्षेत्र के विजयंतखंड की है। यहां मंत्री आवास के पास बने टिन शेड में 14 वर्षीय किशोरी का शव फंदे से लटका मिला। घरवालों ने दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका जताई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फंदे से लटकने से मौत की पुष्टि हुई है। वहीं पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या से इन्कार करते हुए खुदकुशी का मामला बताया है। हालांकि पुलिस ने रेप की आशंका से स्लाइड भी बनवाई है।
थाना प्रभारी उदय प्रताप सिंह ने बताया कि किशोरी मूल रूप से सीतापुर के संदना थाना क्षेत्र की रहने वाली है और यहां आकाशदीप चौराहे के पास खाली जमीन पर झोपड़पट्टी में परिवारीजनों संग रह रही थी। पिता मजदूर हैं। परिवार में मां, दो भाई व दो बहनें हैं।
वह मंत्री आवास कॉलोनी के कई घरों में चौका-बर्तन व झाड़ू-पोछा करने जाती थी। रविवार सुबह भी वह काम की बात कहकर घर से निकली थी। परिवारीजनों ने बताया कि अमूमन वह काम निपटाकर दोपहर दो बजे तक लौट आती थी लेकिन, रविवार को चार बजे तक उसका अता-पता नहीं था।
लोहे के एंगिल से लटका मिला शव
खोजबीन करने पर भी कोई सुराग नहीं लगा तो रात लगभग 11 बजे परिवारीजन विभूतिखंड थाने पहुंचे और बेटी की गुमशुदगी दर्ज कराई। परिवारीजनों व पुलिस ने आसपास के इलाके में उसकी तलाश शुरू की। रात करीब डेढ़ बजे परिवारीजन मंत्री आवास के पास स्थित खाली प्लॉट में पहुंचे तो वहां टिन शेड में उसका शव लोहे के एंगल से लटकता मिला।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, किशोरी की दायीं कनपटी और पैरों में घुटनों से नीचे चोट के निशान हैं। यह निशान पिटाई से आए हैं। परिवारीजनों का कहना है कि पिटाई से बेसुध होने के बाद हत्यारों ने उसे फंदे से लटकाकर मार दिया होगा।
घर से काम पर जाने को कहकर निकली पर नहीं पहुंची
पुलिस ने मंत्री आवासों के उन घरों में जाकर पूछताछ की जहां वह काम करती थी। यहां पता चला कि किशोरी तीन दिन से काम पर आई ही नहीं थी। हालांकि, किशोरी के भाई का कहना है कि वह रोज काम पर जाती थी। किशोरी काम पर क्यों नहीं जा रही थी? काम पर नहीं गई तो कहां और किसके साथ गई थी? पुलिस इन सवालों की पड़ताल कर रही है।
प्लॉट पर मौजूद थे दो युवक, घरवालों को आता देख भागे
परिवारीजनों का कहना है कि जब वह प्लॉट पर पहुंचे तो दो युवक भागने लगे। अंधेरे में उन्हें पहचाना नहीं जा सका। युवकों के भागने पर परिवारीजनों को शक हुआ और वह टिन शेड की तरफ बढ़ गए।
वहां किशोरी का शव लटकता देखकर चीख-पुकार मच गई। यह दो लोग कौन थे? कहीं उन्होंने ही तो किशोरी से दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या करके शव नहीं लटकाया? पुलिस यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है।
पिता और भाई को मिल रही थीं धमकियां
परिवारीजनों ने बताया कि इलाके के दो-तीन युवक किशोरी पर बुरी नजर रखते थे और अक्सर उसके पिता व भाई को धमकी देते थे। दो तीन दिन पहले भी उक्त युवकों ने किशोरी के पिता से गाली-गलौज की थी।
इसमें से एक युवक उसी प्लॉट में रहता था जहां किशोरी का शव मिला है। किशोरी की मौत के बाद से उक्त युवक फरार है। परिवारीजनों को संदेह है कि युवक ने साथियों संग किशोरी से रेप के बाद उसकी हत्या की और फरार हो गया।
मंत्री आवास से तो नहीं मौत का संबंध
किशोरी के साथ हुई अनहोनी का संबंध कहीं मंत्री आवास से तो नहीं जुड़ा है। इलाकाई लोगों का कहना है कि मंत्री आवासों में उनके गुर्गे व बदमाश किस्म के लोगों का जमावड़ा रहता है। देर रात तक लोगों की आवाजाही होती है।
संदिग्ध किस्म के लोग भी आते-जाते हैं। कहीं ऐसा तो नहीं कि मंत्री आवास में किशोरी के साथ कोई अनहोनी हुई हो। इसके बाद उसे खाली प्लॉट में टिन शेड के नीचे टांग दिया गया हो।