तंत्र-मंत्र के चक्कर में ढोंगी बाबा के साथ मिलकर बेटी को मार डाला, कब्र से शव निकालकर होगा पोस्टमार्टम
तंत्र-मंत्र के चक्कर में जिले में एक बालिका की जान चली गई। बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के खुर्दमऊ गांव में एक व्यक्ति ने एक ढोंगी बाबा के साथ मिलकर अपनी 10 वर्षीय बेटी को मार डाला। इसके बाद उसके शव को दफना दिया।
वारदात की जानकारी पर मृतका की नानी ने पुलिस से शिकायत कर पूरे मामले की जानकारी दी। इसके बाद सक्रिय हुई पुलिस ने बालिका के शव को कब्र से खुदवा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की।
पुलिस का कहना है पोस्टमार्टम रिपोर्ट व जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक, बदोसराय कोतवाली क्षेत्र के खुर्द मऊ गांव निवासी अनस (10) पुत्री आलम की हत्या करने के बाद बुधवार को उसके शव को गांव के बाहर कब्रिस्तान में दफना दिया गया।
मृतका की नानी जनपद अयोध्या के पटरंगा थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव की रहने वाली सईदा ने गुरुवार को कोतवाली पहुंचकर पुलिस को बताया कि उनकी बेटी रहनुमा का विवाह खुर्दमऊ गाँव निवासी आलम के साथ हुआ था।
ये लगाया आरोप
उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी 10 वर्षीय नातिन अनस की हत्या उसके दामाद आलम ने ढोंगी बाबा व हनीफ पुत्र फारुकी के साथ मिलकर बीते मंगलवार की रात कर दी और उसके शव को दफना दिया है।
उनका आरोप है कि यह घटना नरबलि का मामला है और आरोपी पिता ने तंत्र-मंत्र के चक्कर में बेटी को मार दिया। पीड़िता ने पुलिस से शव का पोस्टमार्टम करवाने के साथ ही दोषियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
वही आरोप है कि मृतक बालिका की मां रहनुमा की भी आरोपियों ने जमकर पिटाई की है। उसके शरीर में भी चोट के कई निशान पाए गए है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। पुलिस को शव को कब्र से खुदवा कर पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।