West UP News Live: इमराना के संपर्क में रहे 19 लोग रडार पर, खूनी संघर्ष में गणेशपुर के सात लोगों पर मुकदमा
घरेलू कलह में लोहियानगर में एक युवक ने अपनी गर्दन काट ली। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं गढ़ रोड पर दुल्हन के पिता से 1.20 लाख रुपये लूटकर बदमाश फरार हो गए।
लाइव अपडेट
खूनी संघर्ष में गणेशपुर के सात लोगों पर मुकदमा
मेरठ में हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के गांव गणेशपुर में रविवार शाम कश्यप समाज और समुदाय विशेष के परिवार के बीच हुए खूनी संघर्ष के मामले में थाना पुलिस ने दोनों पक्षों के सात लोगों को नामजद करते हुए 10 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
गणेशपुर गांव में रविवार शाम कश्यप समाज और समुदाय विशेष के लोगों के बीच रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष हुआ था, जिसमें 13 लोग घायल हुए थे। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया था, जिनमें से दो की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया था। बीट प्रभारी उप निरीक्षक अनिल कुमार ने दोनों पक्षों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज कराया है, जिसमें उन्होंने बताया कि गांव गणेशपुर में दो समुदायों के मध्य झगड़ा होने की सूचना पर वह तुरंत मौके पर पहुंचे। प्रथम पक्ष सौरभ पुत्र कुसमपाल, सुमित पुत्र पप्पू उर्फ गजेंद्र, अमरपाल पुत्र तेजपाल, प्रवीन पुत्र गजेंद्र व 8-10 अज्ञात तथा दूसरे पक्ष के सलमू पुत्र वसीर, आस मोहम्मद पुत्र सलमू, इमरान पुत्र कल्लू व 8-10 अज्ञात के मध्य एक-दूसरे के ऊपर गाली-गलौच करते हुए लाठी-डंडों व बलकटी से लैस होकर हमला कर रहे थे। उपरोक्त दोनों पक्ष पुलिस की मौजूदगी में आक्रोशित थे। उन्होंने दोनों पक्षों को मौके पर समझाने व रोकने का प्रयास किया, परंतु वह नहीं माने और अधिक उग्र होकर लाठी डंडों से एक-दूसरे के घरों के दरवाजे व खिड़कियों पर पत्थरबाजी की। जिससे दोनों पक्षों के कुछ लोग घायल हो गए। पुलिस बल द्वारा आक्रोशित भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की गई तो पुलिस बल के साथ भी धक्का-मुक्की करते हुए पथराव किया। इस घटना से गणेशपुर में अफरा-तफरी एवं भय का माहौल पैदा हो गया। उच्च अधिकारियों को यथास्थिति से अवगत कराते हुए अतिरिक्त्त पुलिस बल की मांग की। थाना प्रभारी विजय बहादुर दर्जनों पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों के कुछ लोग भाग गए। गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
बिजनौर विशेष न्यायाधीश पोक्सो एक्ट पारुल जैन ने अपहरण एवं दुष्कर्म का दोषी पाते हुए सोकेंद्र एवं ब्रजपाल को आजीवन कारावास व 60 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अर्थ दंड की राशि में से 55 हजार पीड़िता को दिए जाएंगे। इसके अलावा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की योजना के तहत तीन लाख रुपये की राशि पीड़िता को दिए जाने की संस्तुति की है।
मेरठ में संदिग्ध परिस्थितियों में युवक की मौत, हत्या का आरोप
परिजनों के मुताबिक जयकिशन शनिवार को हापुड़ स्थित एक अस्पताल में रिश्तेदार को अस्पताल से छुट्टी दिलाने गया था। वहां से लौटकर आने के बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों उसकी काफी तलाश की और फोन किए, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। सोमवार को शव मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के दो बच्चे हैं।
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को शांत कराया। मौके पर पहुंची फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मूलरूप से शिवपुरा थाना परतापुर के रहने वाले हैं, लेकिन काफी सालों से जलालपुर गांव में रह रहे थे। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
केवल पंजाब में किसानों का आंदोलन: वीके सिंह
बिजनौर में रोडवेज बस की टक्कर में बाइक सवार की मौत
रविवार की देर रात्रि सुखबीर पुत्र राधेश्याम निवासी ग्राम सोनाला फरीदपुर थाना अमरोहा बाइक से स्योहारा से अपने घर वापस जा रहा था कि स्योहारा सहसपुर रोड स्थित ग्राम महमूदपुर के पास सामने से आ रही रोडवेज बस की भिड़ंत में आ गया जिसमें उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सहारनपुर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार की मौत
हादसा सोमवार की तड़के करीब साढ़े तीन बजे हुआ। कोतवाली देहात क्षेत्र के गांव संदलहेडी निवासी सतीश कुमार(45) पुत्र अतर सिंह रविवार को कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव रंडौल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने के लिए आया हुआ था। देर रात वह अपने घर वापस जाने के कहने लगा। इस पर उसका भतीजा विनित उसे कार से संदलहेडी छोड़कर चला गया। बताया गया कि इसके बाद सतीश सुबह करीब तीन बजे बाइक लेकर रंडौल के लिए निकल पडा।
जैसे ही वह गांव ताजपुरा के पास पहुंचा तो उसकी बाइक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दी। इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
भीषण सड़क हादसे में वीडियोग्राफर की मौत, चार घायल
बिजनौर के धामपुर हाईवे 74 पर कार और बाइक में टक्कर हो गई। बाइक सवार ड्रोन वीडियोग्राफर की मौत हो गई, जबकि अन्य चार लोग घायल हो गए ।टक्कर इतनी भयंकर थी कि कार डिवाइडर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक नूरपुर थाना क्षेत्र के ताजपुर निवासी 24 वर्षीय शुभम पुत्र सुरेश था। जो ड्रोन से नगीना थाना क्षेत्र के गांव सैदपुरी में एक शादी में ड्रोन से अपने साथी के साथ वीडियोग्राफी करने गया था। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा । जबकि अन्य चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया है।गढ़ रोड पर बाइक सवार बदमाशों ने दूल्हन के पिता से 1.20 लाख रुपये लूटे
गढ़ रोड हसनपुर कदीम स्थित एक विवाह मंडप के बाहर दूल्हन के पिता का बैग दो बाइक सवार बदमाश लूटकर ले गए। बैग में 1.20 लाख रुपये थे।शोर मचाने पर लोगों ने बाइक सवार का पीछा किया। आरोपी भागने में सफल रहे। लूट की रिपोर्ट थाने पर दर्ज कराने का तहरीर दी गई है।शामली में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत परिजनों ने पुलिस की पिटाई से मौत का लगाया आरोप
झिंझाना थानाक्षेत्र के बिडौली गांव में व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस शनिवार की रात व्यक्ति लेकर गई थी। रात में शव घर के बाहर डालकर फरार हो गई। सीओ ने आरोप को बेबुनियाद बताया है।
परिजनों के अनुसार क्षेत्र के गांव बिडौली निवासी भूरा पुत्र महबूब (33)को पुलिस 18-19 की रात्रि पूछताछ के लिए बिडौली चौकी पर ले गई थी। मृतक के भाई सद्दाम ने बताया कि आधे घंटे के बाद ही मेरे भाई का शव लेकर पुलिस वापस आ गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस चौकी के दरोगा ने उनके भाई के साथ मारपीट की तथा गर्दन तोड़कर मौत के घाट उतार दिया।
परिजनों ने बताया कि घर से भाई को ले जाने के बाद ही पुलिस कुछ देर बाद ही मरे भाई को घर पर यह कह कर डाल गई कि पुलिस के डर से घबरा रहा है।इसका इलाज कर लो। परिजनों ने बिडौली चौकी पुलिस पर निर्दोष को पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
गंगनहर में कूदने पहुंची महिला को सिपाहियों ने बचाया
मेरठ के नौचंदी क्षेत्र की रहने वाली महिला मसूरी क्षेत्र में गंगनहर में शनिवार शाम को आत्महत्या करने पहुंची तो हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठी और सिपाही भारत कुमार ने महिला की काउंसिलिंग कर आत्महत्या करने से बचा लिया। संपत्ति विवाद में ससुरालियों से परेशान होकर महिला मेरठ से गंगनहर में छलांग लगाने आईं थी। वह कूदने की फिराक में थी तभी मौके पर पहुंचे नरेंद्र और भारत ने उन्हें पकड़ लिया।
इसके बाद पुलिस ने उनके परिजनों को सूचना दी। मौके पर महिला की बेटी, मां, चचेरा भाई व एक रिश्तेदार पहुंचे। महिला की बेटी ने बताया कि उसकी मां 16 फरवरी को घर से चली गई थीं। देर शाम तक जब नहीं लौटी तो उसने नौचंदी थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। महिला ने बताया कि वह शनिवार दोपहर को मसूरी पहुंची। जैसे ही वह छलांग लगाने लगीं तो पुलिसकर्मियों ने आकर उन्हें पकड़ लिया।
एसीपी मसूरी नरेश कुमार ने बताया कि हेड कांस्टेबल नरेंद्र राठी और सिपाही भारत कुमार ने सराहनीय कार्य किया है। इनको सम्मानित करने के लिए वह अधिकारियों को पत्र लिखेंगे। इनके सम्मानित होने से अन्य पुलिसकर्मी भी प्रोत्साहित होंगे।
घरेलू कलह में युवक ने गर्दन काटी, हालत गंभीर
लोहियानगर थाना क्षेत्र के जुर्रानपुर ग्रामीण सोसाइटी के रहने वाले कपिल(28) अरोड़ा ने रविवार को चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर आत्महत्या की कोशिश की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे गढ़ रोड स्थित अस्पताल में भर्ती कराया। यहां ऑपरेशन के बाद उसका आईसीयू में उपचार चल रहा है। पुलिस के मुताबिक घरेलू कलह से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया है।कपिल अरोड़ा पुत्र एक फ्लैट में अकेला रहता है। उसकी बहन और जीजा आशू शास्त्रीनगर में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक यह युवक नशे का आदी है। वह काफी समय से घरेलू कलह से परेशान है। रविवार दोपहर पुलिस को पता चला कि युवक ने चाकू से अपनी गर्दन पर वार कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल भिजवाया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उधर, लोहियानगर इंस्पेक्टर संजय कुमार पांडेय का कहना है कि युवक के परिजनों से बातचीत की जा रही है।