फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

Meerut News Live: मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, छज्जे के नीचे दबकर एक व्यक्ति की मौत

Fri, 06 Jan 2023 07:04 PM IST
कपिल kapil अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ
अमर उजाला ब्यूरो, मेरठ Published by: कपिल kapil Updated Fri, 06 Jan 2023 07:04 PM IST
खास बातें

पश्चिमी यूपी में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है। ऐसे में लोग सुबह से रात तक ठिठुरते नजर आ रहे हैं। उधर, आयकर विभाग की चौथे दिन भी बसपा सांसद के ठिकानों पर कार्रवाई जारी है। यहां पढ़िए पश्चिमी यूपी का पल-पल का अपडेट- 

विज्ञापन
Meerut News Live: Cold is continuously increasing in western UP and read updates of all districts
जांच करती पुलिस। - फोटो : amar ujala

लाइव अपडेट

06:53 PM, 06-Jan-2023
निर्माणाधीन छज्जे के नीचे दबकर घायल हुए व्यक्ति की मौत

बिजनौर में शेरकोट के मोहल्ला शेखान निवासी शहजाद (42) बृहस्पतिवार रात निर्माणाधीन मकान का छज्जा गिरने से घायल हो गया था। घायल शहजाद को उपचार के लिए धामपुर में एक निजी चिकित्सक के यहां भर्ती किया गया था। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया था। बताया गया कि जब मुरादाबाद जा रहे थे तो शहजाद की रास्ते में मौत हो गई। हादसे से परिजनों में कोहराम मचा है।
06:50 PM, 06-Jan-2023
मालगाड़ी की चपेट में आने से युवक की मौत, परिजनों में कोहराम

बिजनौर जनपद के धामपुर में नहटौर रेलवे फाटक के निकट मालगाड़ी की चपेट में आने से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

जीआरपी चौकी प्रभारी रणवीर सिंह ने बताया कि शुक्रवार को जब दिन में मालगाड़ी गंतव्य की ओर जा रही थी तो इस दौरान रेल की पटरी के सापेक्ष चल रहा युवक चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक की शनाख्त नूरपुर थाने के गांव बलदाना शफीपुर निवासी हिमांशु पुत्र यशपाल सिंह के रूप में हुई है। परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पंचानामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
विज्ञापन
05:07 PM, 06-Jan-2023
बिजनौर में अस्थाई गौशाला का शुभारंभ

बिजनौर में अफजलगढ़ विकास खंड की शेरगढ़ ग्राम पंचायत के अंतर्गत गांव मजरा बहादरपुर के समीप से 25 लाख की लागत से निर्मित अस्थाई गौशाला का शुभारंभ किया गया। 

वहीं शुक्रवार को डीएम उमेश मिश्रा ने हवन पूजन व फीता काटकर गौशाला का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि लोगों के सहयोग के बिना गोसंरक्षण नहीं हो सकता। उपस्थित किसानों से गौशाला से जुड़ने और भूसा दान देने का अवाहन किया। 

इसके अलावा गौशाला निर्माण से गांव के ग्रामीणों को बेसहारा मवेशियों की समस्या से राहत मिलने का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि यहां 200 गोवंश को संरक्षित किया जाना प्रस्तावित है। पशुओं के लिए पेयजल और चारे की पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। 

वहीं ग्राम प्रधान पुष्पा देवी ने ग्रामीणों से पहली रोटी गाय को दान देने का आवाहन किया। एसडीएम धामपुर मनोज कुमार सिंह ने कहा कि खंड विकास अधिकारी की देख-रेख में ग्राम पंचायत की ओर से गौशाला का संचालन किया जायेगा। 
05:03 PM, 06-Jan-2023
नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले आरोपी को तीन साल की सजा, जुर्माना भी लगाया

बागपत में बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव में घर में घुसकर नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले को न्यायाधीश ने तीन साल के कारावास की सजा सुनाई और दस हजार पांच सौ रुपये अर्थदंड लगाया। अर्थदंड अदा न करने पर एक महीने के कारावास की सजा बढ़ाने के आदेश दिए गए।

विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार व नरेश वेदवान ने बताया कि बालैनी थाना क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले व्यक्ति ने छह मई 2016 में मुकदमा दर्ज कराया था। जिसमें शिकायतकर्ता ने गांव के ही दीपक पर अपनी नाबालिग बेटी के साथ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया था। 
इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में चार्जशीट दाखिल कर दी थी। जिसमें अभियोजन पक्ष की तरफ से 12 गवाह पेश किए गए। विशेष न्यायाधीश पॉक्सो शैलजा राठी ने सुनवाई पूरी होने के बाद नाबालिग से छेड़छाड़ करने वाले दीपक को तीन साल की सजा सुनाई।

वादी पक्ष को दी जाएगी जुर्माने की आधी धनराशि
विशेष लोक अभियोजक नरेंद्र पंवार व नरेश वेदवान ने बताया कि न्यायाधीश ने दस हजार पांच सौ रुपये जुर्माना लगाया है। जिसमें जुर्माने की आधी धनराशि वादी पक्ष को प्रतिकर के रूप में दी जाएगी।
04:58 PM, 06-Jan-2023
तय होना चाहिए फार्म मशीनरी बैंक की जुताई का किराया : मलिक

मुजफ्फरनगर में भाकियू अराजनैतिक के प्रतिनिधिमंडल ने अपर मुख्य सचिव देवेश चतुर्वेदी से मुलाकात कर कृषि क्षेत्र में किसानों के हित के लिए कुछ कदम उठाने हेतु सुझाव दिए। खाद के बोरों पर बार कोड बनाने के साथ-साथ फार्म मशीनरी बैंक की जुताई का किराया तय कर एक हफ्ते में आदेश जारी करने का भी भरोसा दिया। किसानों को मंडी में पैक हाउस लगाने का भी भरोसा दिया।

भाकियू अराजनैतिक के प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि प्रदेश से फल, सब्जियों और व्यवसायिक फसलों के निर्यात एवं प्रोत्साहन हेतु वृहद नीति तैयार किए जाने की मांग की गई। सब्जी के किसानों को सुरक्षित करने के लिए भाव स्थिरता कोष बनाया जाए। आलू, टमाटर, गोभी समेत अन्य सब्जियों का न्यूनतम मूल्य तय किया जाए। कोल्ड स्टोरेज यूनिट एवं खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित की जाएं, कृषि विपणन तंत्र को मजबूत किया जाए।  

उन्होंने कहा कि लघु, सीमांत और किराए पर जमीन लेकर खेती करने वाले किसानों को आसान और सस्ता कर्ज उपलब्ध कराया जाए, गौतमबुद्धनगर में बंद पड़ी फूल मंडी को चालू कराकर किसानों के बोर्ड से उसका संचालन कराए जाने की मांग रखी गई। किसानों की लागत कम करने के लिए जैविक खेती के प्रशिक्षण न्याय पंचायत स्तर पर अभियान के तौर पर आयोजित कराए जाए, बाजार में नकली खाद रोकने के लिए बैग पर बार कोड बनाया जाना चाहिए। प्रतिनिधिमंडल में हरिनाम सिंह वर्मा और दिगंबर सिंह शामिल रहे।
04:40 PM, 06-Jan-2023
बकाया मुआवजा न मिलने पर किसानों ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी

सहारनपुर के बड़गांव में भारतीय किसान यूनियन की बैठक में दिल्ली देहरादून को जोड़ने वाले निर्माणाधीन ग्रीन एक्सप्रेस-वे ऑथोरिटी द्वारा किसानों को बकाया मुआवजा न देने पर रोष जताया। बैठक में यूनियन के रामपुर तहसील अध्यक्ष कान सिंह राणा ने एक सप्ताह में किसानों को मुआवजा न देने पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।

शुक्रवार को गांव अंबेहटाचांद में निर्माणाधीन ग्रीन एक्सप्रेस वे पर गांव अंबेहटाचांद, भगवानपुर,टपरी व कुतबा माजरा के किसानों की बैठक में मुआवजा न मिलने पर रोष जताया गया। किसानों का कहना था कि एक्सप्रेसवे ऑथोरिटी द्वारा कुछ किसानों को उनकी जमीन का पूरा मुआवजा नहीं दिया गया। बाद में भाकियू रामपुर तहसील अध्यक्ष कान सिंह राणा ने प्रशासन व ऑथोरिटी को एक सप्ताह में किसानों का बकाया मुआवजा न देने पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन
04:15 PM, 06-Jan-2023
रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़े गए चिकित्सा अधीक्षक

सहानपुर जनपद के बेहट में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितिन कंदवाल को सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (सीएचओ) से रिश्वत मांगना भारी पड़ गया। मेरठ से आई एंटी करप्शन की टीम ने उन्हें नौ हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ लिया। टीम उन्हें बेहट कोतवाली ले गई, जहां उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है। 

सलेमपुर गदा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र पर तैनात सीएचओ संगीता देवी को कार्य के आधार पर छह महीने का पीडीआई नवंबर माह मिला था, जिसकी एवज में बेहट सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नितिन कंदवाल कमीशन की मांग कर रहे थे। परेशान होकर एक सप्ताह पूर्व संगीता देवी ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की। 
03:56 PM, 06-Jan-2023
सांसद साक्षी महाराज बोले- राहुल की टी-शर्ट देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाए
 

उन्नाव के सांसद आचार्य महामंडलेश्वर डॉ. हरि सच्चिदानंद साक्षी जी महाराज शुक्रवार को मेरठ पहुंचे। यहां वेस्ट एंड रोड स्थित जैन मंडप में अखिल भारतीय पंच निर्मोही अखाड़ा के महामंडलेश्वर व आयोजक द्वारा आयोजित संत समागम में भी साक्षी जी महाराज पहुंचे।

वहीं साक्षी जी महाराज ने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। इस दौरान उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को टी-शर्ट में देखकर तो गिरगिट भी शरमा जाएगा। उन्होंने कहा कि राहुल कभी माला पहन लेते हैं, कभी जनेऊ बांध लेते हैं, कभी तुर्की टोपी पहन लेते हैं और कभी तिलक लगा लेते हैं। कहा कि यह यात्रा हास्यास्पद है।
02:18 PM, 06-Jan-2023
SSP ने मेडिकल थाना प्रभारी को किया लाइन हाजिर

मेरठ में एसएसपी रोहित सिंह साजवाण ने शुक्रवार को मेडिकल थाना प्रभारी अखिलेश गौड को लाइन हाजिर कर दिया है। बुलंदशहर के एक मामले में बेड एंट्री मिली थी। 

बता दें कि तीन दिन पहले मेडिकल में महिलाओं पर लाठीचार्ज करने का आरोप लगा था। इस मामले में एसपी सिटी को जांच सौंपी गई थी। एसएसपी ने एसपी सिटी पीयूष सिंह की रिपोर्ट पर कार्रवाई करते हुए लाइन हाजिर कर दिया। फिलहाल थाने में नई तैनाती नहीं की गई।
01:32 PM, 06-Jan-2023
भाकियू चढूनी का छठवें दिन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी

बिजनौर जनपद के हल्दौर में बिलाई चीनी मिल पर किसानों के गन्ने का बकाया समस्त भुगतान को लेकर भाकियू चढूनी का छठवें दिन अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन जारी है। उधर, राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन का पांचवें दिन क्रमिक अनशन शुरू हो गया है। 

दोनों संगठनों को किसान संगठनों व अन्य संगठनों से समर्थन मिलने से एकजुटता दिखाई दे रही है। जिससे किसानों में खुशी का माहौल बना हुआ है। संगठनों द्वारा धरना प्रदर्शन के चलते चीनी मिल के केन यार्ड के कांटों व क्षेत्र में संचालित अधिकांश गन्ना सेंटरों पर गन्ना नहीं मिलने से बृहस्पतिवार देर रात मिल बंद करानी पड़ी।

बिलाई चीनी मिल के मुख्य द्वार पर भाकियू चढूनी कार्यकर्ताओं द्वारा किसानों के बकाया समस्त गन्ना भुगतान को लेकर बेमियादी धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। कार्यकर्ताओं द्वारा किसानों से बिलाई चीनी मिल के केन यार्ड व संचालित क्रय केंद्रों पर गन्ना न देने का आह्वान किया गया है। 

किसानों द्वारा धरना प्रदर्शन के दौरान केन यार्ड, गन्ना सेंटर व क्षेत्र के सेंटरों पर गन्ना न दिए जाने से मिल प्रशासनिक अधिकारियों को मिल बंद करनी पड़ी। 

वहीं राष्ट्रीय किसान मजदूर संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा बिलाई चीनी मिल के मेन गेट पर पांचवें दिन क्रमिक अनशन शुरू किया गया। गन्ना महाप्रबंधक जयवीर सिंह ने किसानों द्वारा गन्ना दिए जाने के कारण मिल बंद होने के संबंध में मामले की पुष्टि की है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed