Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें

यूपी: पीएम मोदी बोले- लोगों ने मेरी बात मानी, सोना कम खरीदा और लोगों के पैसे भी बचे; अब स्किल के दिन आएंगे

Sat, 21 Nov 2026 10:49 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Sat, 21 Nov 2026 10:49 PM IST
खास बातें

PM Modi Lucknow Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को लखनऊ पहुंचे। अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उनका स्वागत किया। इसके बाद प्रधानमंत्री गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पंचम राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल हुए। इस मौके पर रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उप मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार के कई मंत्री मौजूद हैं।

समारोह में पीएम मोदी ने टॉपर्स को सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में इंडस्ट्रियल ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट (आईटीआई), नेशनल डिस्ट्रिक्ट ट्रेनिंग इंस्टीट्यूट और इंस्टीट्यूट ऑफ ट्रेनिंग से जुड़े प्रशिक्षक शामिल रहे। राजनाथ सिंह ने सभी सम्मानित लोगों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह पहली बार दिल्ली से बाहर लखनऊ में आयोजित हो रहा है। यह उत्तर प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इसके लिए उन्होंने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बधाई दी।

विज्ञापन
PM Modi Lucknow Visit Today  Know Schedule, Key Events and Latest Updates
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

लाइव अपडेट

10:46 PM, 21-Nov-2026

देश के हुनर से चमक रहा दुबई और अबू धाबी : मोदी

कार्यक्रम में मौजूद रहे ये नेता। - फोटो : अमर उजाला।
 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में कहा, मैं जब विदेश जाता हूं तो शाही परिवारों के लोग कहते हैं कि यह शानदार शहर हिंदुस्तान के कारीगरों से बना है। दुबई, सऊदी अरब और अबू धाबी भारत के हुनर से चमक रहा है। अन्य देशों की सरकार जब समझौते (एमओयू) करती हैं तो यहां के हुनरमंद युवा की सबसे पहले मांग करती हैं। ये यूनिवर्सिटी वाले नहीं... आईटीआई वाले युवा होते हैं। इनके पास कौशल और हुनर है।
पीएम ने कहा कि जब पश्चिम एशिया में युद्ध छिड़ा, गैस बाधित हुई तो क्या-क्या नहीं कहा गया लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। हालांकि, हम सोते भी नहीं रहेंगे। अधिकारियों को लक्ष्य दिया कि एक दिन में न्यूनतम एक लाख पीएनजी कनेक्शन दिए जाएं ताकि संकट आए तो हम टिक पाएं। खुद समीक्षा करता था लेकिन यह आंकड़ा 15, 20, 25 हजार से आगे नहीं बढ़ रहा था।

कनेक्शन तेजी से नहीं बढ़ने का कारण पूछा तो पता चला कि पर्याप्त प्लंबर नहीं मिल रहे। आपकी यही ताकत है। स्किल है तो रोजगार के ज्यादा मौके हैं। सोलर पैनल और खेल ही नहीं हर क्षेत्र में कौशल युक्त युवा की जरूरत है। आज भारत विश्व की स्किल कैपिटल बन रहा है। यूपी में एक समय अवसर की कमी थी। आज युवाओं के लिए अपार संभावनाएं हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई के युवा खुद को कम न समझें। पहले यूनिवर्सिटी व आईआईटी में दीक्षांत समारोह होते थे। हमने आईटीआई में भी दीक्षांत समारोह शुरू किया। क्या किसी यूनिवर्सिटी के दीक्षांत समारोह में ऐसे कपड़े दिखे? क्या ठाठ से युवा आ रहे थे। हमें गुलामी की मानसिकता से बाहर निकलना है। क्लैरिकल जॉब पर नहीं कौशल विकास पर जोर देना है।

जिनके पास कौशल, कोई नहीं छीन सकता रोजगार
पीएम ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) को लेकर क्या-क्या कहा जा रहा था। युवाओं को समझना होगा कि जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता है। कोविड काल में कुशल कामगारों की अहमियत पूरी दुनिया ने महसूस की। आज भारत मोबाइल फोन आयात करने वाले देश से आगे बढ़कर उनका निर्माण करने वाला देश बना है। देश की विनिर्माण क्षमता बढ़ाने में युवाओं के हुनर की महत्वपूर्ण भूमिका है।

एक दशक में पांच हजार नई आईटीआई
मोदी ने बताया कि 2014 के बाद एक दशक में देश में लगभग 5000 नई आईटीआई स्थापित की गई हैं। छात्रों की संख्या पांच लाख से अधिक बढ़ी है। छात्राओं की संख्या ढाई गुना से अधिक हुई है। प्रशिक्षण की गुणवत्ता, फैकल्टी और बुनियादी ढांचा मजबूत करने के साथ आईटीआई में 30 से अधिक नए जमाने के ट्रेड शुरू किए गए हैं। इनमें एआई असिस्टेंट, साइबर सिक्योरिटी असिस्टेंट, ड्रोन टेक्नीशियन, ग्रीन हाइड्रोजन टेक्नीशियन, इंडस्ट्रियल रोबोटिक्स, इलेक्ट्रिक व्हीकल, एनीमेशन एवं स्पेशल इफेक्ट और सेमीकंडक्टर टेक्नीशियन जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं।

वर्ल्ड स्किल प्रतियोगिता नोएडा में
प्रधानमंत्री ने बताया कि 2027 में भारत वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, जो उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में होगी। एशिया के 30 से अधिक देशों के युवा यहां अपने कौशल की प्रतियोगिता करेंगे। उन्होंने इसकी मेजबानी के लिए उत्तर प्रदेश को अग्रिम शुभकामनाएं दीं।

वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की शुरुआत वर्ष 2018 में अबू धाबी से हुई थी। 2023 में भी अबू धाबी में प्रतियोगिता हुई। तीसरा संस्करण 2025 में ताइपे में हुआ। पीएम ने कहा, यह हमारे लिए गर्व का विषय है कि एशिया के कौशल और प्रतिभा का अगला बड़ा संगम वर्ष 2027 में भारत में होगा।

इन दस युवाओं को मंच से किया सम्मानित
प्रधानमंत्री ने विभिन्न ट्रेडों के दस ऑल इंडिया टॉपर्स को मंच पर खुद सम्मानित किया। इसमें तमिलनाडु की काव्या लेका आरएन व संधना लक्ष्मी आर, जम्मू-कश्मीर की ताबिश शौकत, पश्चिम बंगाल के अमित बैरागी, मध्य प्रदेश के सूरज साहू, ओडिशा की सुप्रीति मोहपात्रा, तमिलनाडु की संगीता टी, केरल की एंजेल मैरी एंटो, उत्तर प्रदेश के शहबाज खान व संध्या देवी शामिल हैं।











 
07:03 PM, 21-Nov-2026

मोदी बोले- लोगों ने बात मानकर गोल्ड की खरीदारी कम की

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : यूट्यूब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि करीब एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि अगर जरूरत न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें। उन्होंने दावा किया कि लोगों ने उनकी बात मानी और सोने की खरीदारी कम की।गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री जी ने देशवासियों से सप्ताह में एक दिन एक समय का भोजन छोड़ने की अपील की थी और लोगों ने उनकी बात मानी थी।

मोदी ने कहा कि देश का चरित्र ऐसा ही है। एक सामान्य व्यक्ति के तौर पर उनकी अपील पर भी देशवासियों ने भरोसा किया और सोना कम खरीदा। उन्होंने कहा कि सोने के दाम गिर गए और लोग उनसे कह रहे हैं कि उनकी बात मानने से उनके पैसे बच गए।
विज्ञापन
06:55 PM, 21-Nov-2026

पीएम मोदी बोले- अधिकारी 30 से 35 कामों की सूची लेकर आए

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कौशल ही समाज को गतिमान बनाए हुए है। व्यक्ति के जागने से लेकर सोने तक और जन्म से लेकर मृत्यु तक उसे कई तरह के कामों और सेवाओं की जरूरत पड़ती है। इन जरूरतों को पूरा करने में अलग-अलग कौशल से जुड़े लोगों की अहम भूमिका होती है।

गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने बताया कि उन्होंने अपने अधिकारियों को इस संबंध में सूची तैयार करने का काम दिया था। शुरुआत में अधिकारी 30 से 35 कामों की सूची लेकर आए। इसके बाद उन्होंने कहा कि सुबह जागने से लेकर रात में सोने तक और जन्म से मृत्यु तक व्यक्ति को किन-किन चीजों की जरूरत पड़ती है, इसका पूरा ब्योरा तैयार किया जाए।

मोदी ने कहा कि जब विभाग के अधिकारी दोबारा सूची लेकर आए तो एक सप्ताह में करीब एक हजार तरह के कामों की सूची तैयार हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि यही कौशल है, जो समाज की जरूरतों को पूरा करता है और उसे लगातार गतिमान बनाए रखता है।
06:51 PM, 21-Nov-2026

पीएम मोदी ने 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को किया सम्मानित, दिव्यांग प्रशिक्षुओं से साइन लैंग्वेज में की बात

पीएम मोदी ने दिव्यांग प्रशिक्षुओं से साइन लैंग्वेज में की बात - फोटो : यूट्यूब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय कौशल दीक्षांत समारोह में देशभर से आए 52 राष्ट्रीय टॉपर्स को सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने दिव्यांग प्रशिक्षुओं से साइन लैंग्वेज में बातचीत की। साथ ही अंगूठा दिखाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
06:47 PM, 21-Nov-2026

मोदी बोले- आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिले आईआईटी जैसा सम्मान

मोदी ने कहा कि आज जब कोई बच्चा आईटीआई में दाखिला लेता है तो कई बार उसके माता-पिता इस बात को छिपाते हैं। अब इस सोच और व्यवस्था को बदलना होगा। आईआईटी के विद्यार्थियों को जितना सम्मान मिलता है, उतना ही सम्मान आईटीआई के विद्यार्थियों को भी मिलना चाहिए।
06:46 PM, 21-Nov-2026

मोदी बोले- अंग्रेजों ने देश की कौशल आधारित व्यवस्था को खत्म किया

प्रधानमंत्री ने अपने गुजरात के अनुभव साझा करते हुए कहा कि वहां उन्होंने ऐसे हुनरमंद लोगों को देखा है, जिनके बिना गांव की कल्पना करना मुश्किल था। प्राचीन काल से देश में ऐसी व्यवस्था रही है, जिसमें अलग-अलग कौशल वाले लोग गांव के विकास और जरूरतों में योगदान देते थे। धीरे-धीरे यह व्यवस्था कमजोर होती गई। उन्होंने आरोप लगाया कि अंग्रेजों ने देश की कौशल आधारित व्यवस्था को खत्म किया। मैकाले की शिक्षा व्यवस्था ने देश के कौशल को नुकसान पहुंचाया और लोगों को सिर्फ क्लर्क बनाने का काम किया।
विज्ञापन
विज्ञापन
06:45 PM, 21-Nov-2026

मोदी बोले- आईआईटी की तरह आईटीआई के बच्चों को भी मिले सम्मान

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज का दिन उनके लिए महत्वपूर्ण रहा। सुबह वह पश्चिम बंगाल गए, जहां आईआईटी खड़गपुर के 75वें स्थापना वर्ष के कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि जिस उमंग और उत्साह के साथ वह आईआईटी के विद्यार्थियों के बीच पहुंचे थे, उसी उत्साह के साथ आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच आए हैं।

गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने कहा कि आईटीआई में पढ़ते हुए युवाओं ने जो कौशल सीखा है, वह विकसित भारत की बड़ी ऊर्जा है। दुनिया के सैकड़ों तरह के काम हुनरमंद लोगों के दम पर होते हैं।
06:41 PM, 21-Nov-2026

मोदी बोले- अलग-अलग हुनर वाले लोगों की अहम भूमिका होती है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : यूट्यूब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत में कौशल और पारंपरिक हुनर की समृद्ध परंपरा रही है। बनारस और कांजीवरम का रेशम, सूती कपड़े, कलमकारी, बेहतरीन तलवारें बनाने वाला स्टील, कांस्य और मूर्तिकला जैसे सैकड़ों काम देश में होते रहे हैं।

गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में उन्होंने गुजरात का उदाहरण देते हुए कहा कि उनका जन्म वहीं हुआ है और वहां के अनुभवों से उन्होंने बहुत कुछ सीखा है। उन्होंने कहा कि गुजरात में एक परंपरा रही है कि जहां कोई गांव बसता है, वहां अपने कौशल से गांव का जीवन चलाने वाले लोग भी बसते हैं। यानी गांव की व्यवस्था और रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने में अलग-अलग हुनर वाले लोगों की अहम भूमिका होती है।
06:39 PM, 21-Nov-2026

मोदी बोले- लंबे समय से चिकनकारी का काम होता आ रहा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि कोई भी राष्ट्र अपने युवाओं के कौशल के दम पर आगे बढ़ता है। भारत तो हमेशा से ही कौशल का सम्मान करने वाला देश रहा है। यहां हुनर और पारंपरिक कामों को पीढ़ियों से महत्व दिया जाता रहा है।
गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री ने लखनऊ की चिकनकारी का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि लखनऊ में लंबे समय से चिकनकारी का काम होता आ रहा है। यह यहां के पारंपरिक हुनर और कौशल का प्रतीक है।
06:35 PM, 21-Nov-2026

पीएम मोदी बोले- छात्र ही देश का सामर्थ्य और भविष्य

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश के छात्र ही राष्ट्र का सामर्थ्य और भविष्य हैं। राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में युवा सीधे तौर पर जुड़ने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह दिल्ली से सीधे पश्चिम बंगाल गए, जहां उनका पहला कार्यक्रम आईआईटी में था। देश के पहले आईआईटी की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर वह वहां पहुंचे थे।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जिस ऊर्जा, सपनों, आशा और अरमान के साथ वह आईआईटी के विद्यार्थियों के बीच गए थे, उसी उमंग और उत्साह के साथ आईटीआई के विद्यार्थियों के बीच आए हैं। ये युवा उनके लिए देश की अमानत हैं। यही देश का सामर्थ्य और भविष्य हैं। 

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश का सांसद होने के नाते उनके लिए यह गर्व की बात है। देशभर से आए युवाओं का स्वागत करने का अवसर मिलना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि अलग-अलग राज्यों से आए युवाओं की मौजूदगी इस आयोजन को खास बनाती है।
Load More
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed