04:29 PM, 10-Mar-2024
अंबाला में मुस्तैद रही पुलिस, ट्रैक पर नहीं जुट सके किसान
अंबाला में रेल रोको आंदोलन के लिए किसान नहीं जुट पाए। पुलिस की मुस्तैदी के बीच अंबाला-दिल्ली रेल सेक्शन व सहारनपुर सेक्शन भी किसी तरह से बाधित नहीं हो सका। इस ट्रैक पर अधिकतर ट्रेन बंद के बावजूद चलती रहीं और यात्रियों को राहत मिली। हालांकि आधा दर्जन ट्रेनों को रेलवे ने सुरक्षा के लिहाज से अंबाला कैंट स्टेशन समेत बराड़ा, यमुनानगर, जगाधरी स्टेशनों पर रोके रखा। पंजाब के अलग-अलग रेल मार्गाें पर बैठे किसानों की वजह से अंबाला मंडल से गुजरने वाली 35 ट्रेनें प्रभावित रहीं। इस दौरान नौ यात्री ट्रेनों को पूर्ण तौर पर रद्द रखा गया। वहीं 26 मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों को बीच रास्ते में रोककर एवं गंतव्य रेलवे स्टेशन से देरी से रवाना किया गया।
03:42 PM, 10-Mar-2024
डबवाली में 38 किसान हिरासत में
हरियाणा के डबवाली में 38 किसानो को पुलिस ने हिरासत में लिया। इस दौरान चौटाला चौकी में किसानों ने नारेबाजी की।
03:40 PM, 10-Mar-2024
सुनाम में भी ट्रैक पर बैठे किसान
किसान मजदूर मोर्चा और संयुक्त किसान मोर्चा (गैर राजनीतिक) के आह्वान पर भारतीय किसान यूनियन आजाद और सिद्धूपुरा ने सुनाम रेलवे स्टेशन पर रेलवे ट्रैक जाम किया। भारतीय किसान यूनियन एकता आजाद और सिद्धूपुरा के नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार पूरी तरह से किसान विरोधी है। राज्य सरकार भी किसानों के प्रति गंभीर नहीं है। नेताओं ने कहा कि जब तक केंद्र सरकार उनकी मांगों को लागू नहीं करेगी, यह संघर्ष चलता रहेगा। किसान नेता जसविंदर सिंह लोंगोवाल, जसवीर सिंह मेदेवास और रण सिंह चट्ठा ने कहा कि किसानों के साथ दुश्मन की तरह व्यवहार को सहन नहीं किया जा सकता है। केंद्र व हरियाणा सरकार ने किसानों पर अत्याचार किए हैं।
02:47 PM, 10-Mar-2024
किसानों का दावा: बठिंडा-श्रीगंगानगर के बीच नहीं चली कोई ट्रेन
पंजाब के अबोहर में किसान संगठनों ने रेलवे ट्रैक जाम किया। भाकियू खोसा के प्रांतीय सचिव गुणवंत सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार की कारपोरेट हितैषी नीतियां किसानों को खत्म करने पर तुली हैं। इसके विरोध में पिछले 17 दिनों से शंभू बॉर्डर पर धरना चल रहा है लेकिन सरकार किसानों की मांगों पर कोई ध्यान नहीं दे रही है। आज बठिंडा-श्रीगंगानगर के बीच कोई ट्रेन नहीं चली। उन्होंने कहा कि सरकार की इसी किसान विरोधी नीति के खिलाफ आज पूरे पंजाब में रेल रोको आंदोलन चलाया गया।
02:01 PM, 10-Mar-2024
मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ने की कोशिश
शंभू टोल के पास रेलवे ट्रैक पर किसानों ने मालगाड़ी के इंजन पर चढ़ने का प्रयास। इस पर तुरंत पुलिस ने उन्हें रोका और किसान नेताओं को समझा कर पीछे किया। उधर, ऐलनाबाद में किसानों व पुलिस कर्मियों के बीच झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने किसानों को हिरासत में ले लिया।
01:36 PM, 10-Mar-2024
लुधियाना स्टेशन पर ट्रेनों को रोका गया
अमृतसर रेलवे स्टेशन पर किसानों ने प्रदर्शन किया। वहीं देवीदासपुरा में रेल ट्रैक बाधित किया। अबोहर और बठिंडा में भी किसानों का रेल ट्रैक पर धरना जारी है। उधर, लुधियाना रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों को रोका गया है।
12:57 PM, 10-Mar-2024
सिरसा में किसान नेता नजरबंद
हरियाणा के सिरसा के किसान नेता मिठू सिंह ने अपने फेसबुक के माध्यम से जानकारी दी कि उन्हें पुलिस ने नजरबंद कर दिया है। मिठू कंबोज ने वीडियो जारी कर बताया कि संयुक्त किसान मोर्चा ने आज 12 से चार बजे तक पूरे देश में रेल रोकने का आह्वान किया था। डबवाली में भी हरियाणा किसान एकता डबवाली के बैनर तले रेले रोकना था। मगर पुलिस ने सुबह ही घर में नजरबंद कर दिया। उधर, सिरसा में पुलिस बल, बैरिकेडिंग, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियों को तैनात किया गया है।

12:46 PM, 10-Mar-2024
शंभू बॉर्डर पर भी रेलवे ट्रैक पर बैठे किसान
शंभू बॉर्डर पर किसान नेता रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। मोहाली रेलवे स्टेशन पर भी रेल ट्रैक पर किसान मौजूद हैं। ऐसा ही नजारा सरसिनी रेलवे ट्रैक पर भी देखने को मिल रहा है। हालांकि अंबाला के मोहड़ा रेलवे ट्रैक पर किसान नहीं पहुंचे हैं। यहां पर भारी पुलिस बल तैनात है।

12:40 PM, 10-Mar-2024
अमृतसर, जालंधर और सुनाम में किसान रेलवे ट्रैक पर बैठे हैं। इस वजह से ट्रेनों को रोका गया है। आसपास पुलिस के जवान भी मुस्तैद हैं।
12:39 PM, 10-Mar-2024
अमृतसर में पुलिस मुस्तैद
किसान संगठनों के 'रेल रोको' आंदोलन के मद्देनजर अमृतसर के देवीदासपुरा में भारी पुलिस की तैनाती की गई है। डीएसपी ग्रामीण इंद्रजीत सिंह ने कहा कि किसान संगठनों ने आज दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक 'रेल रोको' का एलान किया है। कानून-व्यवस्था प्रभावित न हो, इसके लिए यहां करीब 150 जवान ड्यूटी पर हैं।