लगातार तीसरे दिन नदी में नहाते हुए जान जाने का मामला
जम्मू। गर्मी से निजात पाने के लिए नदी-नहरों में नहाना जानलेवा साबित हो रहा है। लगातार तीसरे दिन नदी में नहाते हुए पानी में डूबने से एक छात्र की मौत हो गई। इसके पहले हरकी पौड़ी और तवी में ही नहाते हुए दो युवकाें की मौत पिछले दो दिन में हो चुकी है। सोमवार को नगरोटा के बजालता क्षेत्र में एक छात्र नदी में डूब गया। देर शाम छात्र का शव बरामद कर लिया गया।
जानकारी के अनुसार बजालता मीन गांव का रहने वाला दसवीं कक्षा का छात्र दानिश अपने दो दोस्तों के साथ तवी नदी में नहाने गया था। नहाते हुए वह गहरे पानी में चला गया जबकि उसके दो दोस्त भी गहराई में आते आते बच गए। दोनों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली लेकिन वे दानिश को नहीं बचा सके। दोनों अन्य छात्रों ने इसकी सूचना आसपास मौजूद लोगों को दी। साथ ही पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम को बुलाया। दोपहर 12 बजे से लेकर शाम छह बजे तक कड़ी मशक्कत वाले सर्च आपरेशन के बाद दानिश का शव बरामद किया गया। उसे पोस्टमार्टम के लिए जीएमसी के शवगृह में रखा गया है। बता दें कि तवी नदी में युवा गर्मी से निजात पाने के लिए जा रहे हैं लेकिन रोज कोई न कोई पानी में डूब कर अपनी जान गंवा रहा है।

नगरोटा तवी से युवक को बाहर लाते हुए एसडीआरएफ कर्मी: स्रोत स्वयं