GMC: डाक्टरों और तीमारदार के बीच मारपीट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जीएमसी में डाक्टरों और तीमारदारों में मारपीट की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। वीरवार को अस्पताल के वार्ड 11 में एक तीमारदार ने सर्जरी विभाग के यूनिट दो के एक रजिस्ट्रार और एक पीजी डाक्टर को पीट डाला। घटना के बाद करीब एक घंटे तक कामकाज प्रभावित रहा।
डाक्टरों ने रोष जताते हुए सुरक्षा का मुद्दा उठाया। स्थानीय पुलिस में डाक्टरों ने शिकायत दी है। रेजीडेंट डाक्टर एसोसिएशन (आरडीए) ने जीएमसी प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम देते हुए वार्डों और ओपीडी में सेवाएं ठप करने की चेतावनी दी है। इस घटना के लिए प्रिंसिपल और अधीक्षक से कारण बताओ के साथ पर्याप्त सुरक्षा की मांग भी की गई है।
वीरवार सुबह 12 बजे जीएमसी के वार्ड 11 में एक तीमारदार के डाक्टर से मारपीट के बाद अफरा-तफरी मच गई। इस घटना से गुस्साए जूनियर डाक्टरों ने कुछ देर के लिए कामकाज बंद कर दिया। रजिस्ट्रार और पीजी को गंभीर हालत में इमरजेंसी लाया गया।
तो ऐसे शुरू हुई बहस
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने तीमारदार को पकड़ लिया। रजिस्ट्रार के अनुसार एक तीमारदार अपने मरीज का मेडिकल सर्टिफिकेट लेने के लिए आया था। रजिस्ट्रार के अनुसार सर्टिफिकेट के लिए सोमवार का दिन होता है, लेकिन उसके आग्रह पर जब डिस्चार्ज बुक देखी गई तो उस पर उसे चार हफ्ते का आराम लिखा गया था, जबकि वह दो महीने का सर्टिफिकेट देने पर अड़ा था।
रजिस्ट्रार के मना करने पर तीमारदार ने उस पर हमला कर दिया। उसे दाईं आंख के अलावा सिर पर चोट आई। हाथापाई को छुड़ाने बीच में आए पीजी डाक्टर पर भी तीमारदार ने हमला कर दिया। रेजीडेंट डाक्टर एसोसिएशन के प्रधान डा. नीरज शर्मा के अनुसार अस्पताल प्रशासन को 48 घंटे का नोटिस दिया गया है।
जूनियर डाक्टरों को पर्याप्त सुरक्षा देने में जीएमसी प्रशासन विफल रहा है। उल्लेखनीय है कि पिछले दो माह में तीमारदारों की मारपीट के विरोध और सुरक्षा की मांग को लेकर जूनियर डाक्टर कई बार हड़ताल कर चुके हैं।
इमरजेंसी में नहीं हो सकी तैनाती
गत फरवरी माह में कई बार तीमारदारों और डाक्टरों के बीच कहासुनी और मारपीट की घटनाओं के बावजूद अब तक जीएमसी की इमरजेंसी में एक्ससर्विसमैन की तैनाती नहीं हो सकी है। जूनियर डाक्टरों में पर्याप्त सुरक्षा न होने को लेकर हमेशा रोष रहा है।
हालांकि इमरजेंसी में निजी सुरक्षाकर्मियों के अलावा राज्य पुलिस और सीआरपीएफ के जवान तैनात हैं। अस्पताल के अधीक्षक डा. रविंद्र रतनपाल के अनुसार सुरक्षाकर्मियों की अतिरिक्त तैनाती के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
आरडीए की ओर से 48 घंटे का नोटिस दिया गया है, लेकिन इमरजेंसी और अन्य दूसरी जगहों पर सुरक्षा को पुख्ता बनाने के इंतजाम किए जा रहे हैं।
आरोपी के खिलाफ मारपीट का मामला दर्ज
गवर्नमेंट मेडिकल कालेज अस्पताल जम्मू में डाक्टरों के साथ मारपीट के मामले में जीएमसी पुलिस चौकी ने जानीपुर निवासी संजीव सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। इसके साथ ही आरोपी के खिलाफ धारा 332, 353, 231 के तहत मामला भी दर्ज कर लिया है। चौकी इंचार्ज मोहम्मद तुफैल के मुताबिक केस दर्ज हो गया है। मामले में जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है।