अनंतनाग में आतंकियों ने की भाजपा नेता की हत्या, पीएम ने जताया दुख
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आतंकियों ने शनिवार की देर रात दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले के नौगाम वेरीनाग इलाके में भाजपा के अनंतनाग जिला उपाध्यक्ष गुल मोहम्मद मीर उर्फ अटल की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद भाग निकले आतंकियों की तलाश के लिए व्यापक पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया है। इस घटना को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि जम्मू-कश्मीर के भाजपा नेता गुलाम मोहम्मद मीर की हत्या की कड़ी निंदा करते हैं। जम्मू-कश्मीर में पार्टी को मजबूत करने की दिशा में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा। हमारे देश में ऐसी हिंसा के लिए कोई जगह नहीं है। उनके परिवार और शुभचिंतकों के प्रति संवेदना।
Strongly condemn the killing of @BJP4JnK leader Shri Ghulam Mohammed Mir. His contribution towards strengthening the party in J&K will always be remembered. There is no place for such violence in our country. Condolences to his family and well-wishers.
— Chowkidar Narendra Modi (@narendramodi) May 5, 2019
गौरतलब है कि अनंतनाग सीट के लिए शोपियां व पुलवामा जिले में छह मई को मतदान होना है। ऐसे में चुनाव से दो दिन पहले आतंकियों की इस हरकत को मतदाताओं में दहशत फैलाने की साजिश का हिस्सा माना जा रहा है।
पुलिस ने बताया कि तीन आतंकवादी नौगाम इलाके में स्थित मीर के घर में जबरन घुस गए। उन्होंने उनकी कार की चाबी मांगी। चाबी लेकर वे घर से बाहर निकले और गाड़ी ले जाते हुए मीर को गोली मार दी। गोली सीने तथा पेट में लगने से वे लहूलुहान होकर गिर पड़े। बताते हैं कि उन्हें पांच गोलियां लगीं थीं। घायलावस्था में उन्हें जिला अस्पताल अनंतनाग ले जाया गया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।
घटना के बाद सुरक्षाबलों से जुड़े अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर हालत का जायजा लिया। साथ ही हमलावरों की तलाश में आसपास के इलाकों में नाके लगाकर चेकिंग शुरू करा दी। भाजपा से जुड़े सूत्रों का कहना है कि उनकी सुरक्षा हाल ही में राज्यपाल प्रशासन ने हटा ली थी। वे अनंतनाग जिले के उपाध्यक्ष थे। 2008 व 2014 में उन्होंने डोरू विधानसभा का चुनाव लड़ा था।
उमर, महबूबा, सज्जाद लोन ने की निंदा
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला व महबूबा मुफ्ती, पीपुल्स कांफ्रेंस नेता सज्जाद गनी लोन तथा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने हत्या की निंदा की है। उन्होंने कहा कि हिंसा की इस कायरतापूर्ण कार्रवाई की वे निंदा करते हैं। साथ ही परिवारवालों के प्रति सहानुभूति व्यक्त करते हैं।
पहले भी आतंकी राजनीतिक लोगों को बना चुके हैं निशाना
घाटी में आतंकियों की ओर से पहले भी राजनीतिक कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया जा चुका है। पुलवामा जिले के त्राल में आतंकियों ने वीरवार को भाजपा के पूर्व कार्यकर्ता अब्दुल रशीद भट को घर के बाहर गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इससे पहले बुधवार देर शाम को भी श्रीनगर के डाउनटाउन के काव मोहल्ला में आतंकियों ने सिपाही मोहम्मद इलियास के घर में घुसकर उसे गोली मार दी। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
श्रीनगर-बनिहाल के बीच दो दिन ठप रहेगी रेल सेवा
घाटी में कानून व्यवस्था की स्थिति के मद्देनजर रेल प्रशासन ने दो दिनों तक रेल सेवा बंद रखने का फैसला किया है। रेल प्रशासन के अनुसार पांच व छह मई को श्रीनगर से बनिहाल के बीच सेवाएं स्थगित रहेंगी।