कश्मीर में सुरक्षाबलों का बड़ा प्रहार: शोपियां में लश्कर के तीन मददगार गिरफ्तार, ग्रेनेड और कारतूस बरामद
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में सुरक्षाबलों ने लश्कर-ए-तैयबा के तीन कथित मददगारों को गिरफ्तार किया है। 34 राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस के एसओजी ने नरवाव और रावलपोरा में संयुक्त तलाशी अभियान चलाया। आरोपियों के कब्जे से दो हैंड ग्रेनेड, एके-47 के 20 कारतूस, लश्कर के पांच पोस्टर, तीन मोबाइल फोन और आधार कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने यूएपीए समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है।
विस्तार
दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले में आतंकवाद के नेटवर्क को ध्वस्त करते हुए सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को सेना की 34 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और शोपियां पुलिस के स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) ने संयुक्त रूप से जिले के नरवाव और रावलपोरा इलाकों में घेराबंदी और तलाशी अभियान (कासो) चलाया। इस कार्रवाई के दौरान सुरक्षाबलों ने संदिग्ध गतिविधियों में शामिल इन तीनों मददगारों को धर दबोचा।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अवेंड (शोपियां) निवासी अबरार अहमद मीर, दाछीपोरा निवासी रसिक अहमद भट और सुहैल अहमद लोन के रूप में हुई है।
ये सब हुआ बरामद
तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों ने इन तीनों के कब्जे से भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री बरामद की है, जिसमें दो हैंड ग्रेनेड, लश्कर-ए-तैयबा के पांच पोस्टर, एके-47 के 20 जिंदा कारतूस, तीन मोबाइल फोन और तीन आधार कार्ड शामिल हैं।
पूरे नेटवर्क को तोड़ने की कोशिश
इस मामले में पुलिस ने भारतीय शस्त्र अधिनियम की धारा 7/25 और गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) की धारा 13, 18, 23 और 39 के तहत एफआईआर संख्या 250/2026 दर्ज कर ली है। सुरक्षा एजेंसियां अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर इनके पूरे नेटवर्क का पता लगाने में जुट गई हैं।
