अमरनाथ यात्रा में दो और श्रद्धालुओं की मौत
श्री अमरनाथ यात्रा में दो अन्य श्रद्धालुओं की हार्ट अटैक से मौत हो गई। इस तरह दो जुलाई से आरंभ हुई यात्रा में अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है। बालटाल मार्ग पर दोमेल के निकट नई दिल्ली निवासी 70 वर्षीय बलदेव राज खोडा को हार्ट अटैक आया।
जबकि पहलगाम मार्ग पर चंदनबाड़ी के पास गुजरात निवासी 65 वर्षीय एनबी पटेल ने दम तोड़ दिया। अधिकारियों के अनुसार दोनों यात्रियों की मौत हार्ट अटैक से हुई और उनके शवों को आधार शिविर लाकर परिवारों को सुपुर्द कर दिया गया।
इससे पहले चंडीगढ़ निवासी सुभाष चंद्र (63) और उत्तर प्रदेश के रमा शंकर (58) की भी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। उधर, बालटाल और पहलगाम आधार शिविरों से बुधवार को यात्री पूरे उत्साह के साथ पवित्र गुफा की ओर बढ़े।
आठवें जत्थे में 1770 श्रद्धालु रवाना
जम्मू हाट स्थित तत्काल पंजीकरण काउंटर पर बुधवार को भी अव्यवस्था का आलम रहा। कोटा कम होने से पंजीकरण को वंचित होने वाले श्रद्धालुओं ने नारेबाजी कर रोष जताया।
उधर, भगवती नगर यात्री निवास से बुधवार सुबह श्री अमरनाथ यात्रा के अगले पड़ाव पहलगाम और बालटाल के लिए 1770 श्रद्धालुओं का आठवां जत्था बाबा बर्फानी के जयघोष लगाता हुआ रवाना हुआ।
जत्थे में 1319 पुरुष, 332 महिलाएं, 19 बच्चों के अलावा 100 साधु शामिल रहे। कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं के 55 वाहनों में रवाना किया गया। इनमें 38 बसें और 17 हलके वाहन शामिल रहे।
श्री अमरनाथ यात्रा के लिए परिवार सहित यात्रियों का जम्मू पहुंचने का सिलसिला जारी है। यात्री निवास भगवती नगर में यात्रियों के लिए भंडारे और लंगर चल रहे हैं और इसमें लजीज व्यंजनों का यात्री लुत्फ भी उठा रहे है।