कश्मीर के बारामूला में जैश के दो आतंकी गिरफ्तार, एके-47 और ग्रेनेड बरामद
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तरी कश्मीर के बारामूला में सेना ने 2 संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार किया है । सेना और पुलिस द्वारा बारामूला में चलाए गए संयुक्त ऑपरेशन के दौरान इन संदिग्धों को गिरफ्तार किया गया है । जानकारी के मुताबिक ये दोनों संदिग्ध आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करते थे ।
पुलिस विभाग के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक सेना की 52 राष्ट्रीय राइफल्स और जम्मू-कश्मीर पुलिस की एसओजी के संयुक्त ऑपरेशन में इन आतंकियों को बारामूला के कानिसपोरा इलाके से गिरफ्तार किया गया है । पकड़े गए आतंकी सफीर अहमद भट्ट और फरहान फयाज़ बारामूला के ही रहने वाले हैं ।
जानकारी के मुताबिक ये संदिग्ध बारामूला में जैश-ए-मोहम्मद के लिए काम करते थे । ये आतंकी बारामूला और इससे सटे हुए इलाको में जैश के आतंकी विंग में एक पाकिस्तानी आतंकी के इशारे पर काम करते थे । जानकारी के मुताबिक ये माड्यूल और ये दोनों आतंकी 16 अगस्त को सेना और पुलिस के काफिले पर हुए हमले में शामिल थे । 16 अगस्त को बारामूला के ख्वाजाबाग इलाके में हुए इस हमले में सेना के 2 जवान और स्थानीय पुलिस का एक जवान शहीद हुए थे ।
एके-47 राइफल और ग्रेनेड बरामद
सेना को गिरफ्तार इन आतंकियों के पास एक एके-47 राइफल, एक पिस्टल समेत कई ग्रेनेड बरामद हुए हैं । इन हथियारों के अलावा पुलिस को इन आतंकियों से जैश की मोहर भी बरामद हुई है । सेना की मिलिट्री इंटेलीजेंस के अधिकारी इन आतंकियों से गहन पूछताछ कर रहे हैं ।
गौरतलब है कि बारामूला में 1990 के बाद सेना का सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन भी चलाया जा रहा है । इस सर्च ऑपरेशन के पहले दिन सेना ने 12 घंटे में 700 घरों की तलाशी ली थी । इस दौरान सेना के जवानों को कई आतंकी ठिकानों से चीन के झंडे बरामद हुए थे ।
शुक्रवार को भी बारामूला में सेना ने एक आतंकी ठिकाने पर छापेमारी की थी । सेना के जवानों की ये कार्रवाई बारामूला में चल रहे सर्च ऑपरेशन के क्रम मेें दूसरी बड़ी कार्रवाई थी ।