बाजार में बेची जा रही सेना की बुलेट प्रूफ जैकेट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू में गैर प्रमाणित सैन्य वस्तुओं को बेचने का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। सेना के खुफिया दस्ते और पुलिस की मदद से बाड़ी ब्राह्मणा और नरवाल इलाके से दो लोगों को सेना की बुलेट प्रूफ जैकेट, बुलेट प्रूफ पटके और इंसास राइफलों की मैगजीन के साथ दबोचा है।
इनमें से एक पूर्व सैनिक है। मामले में पंजाब के एक कबाड़ी का नाम भी सामने आ रहा है। उसे पंजाब पुलिस ने गिरफ्तार किया हुआ है। बहरहाल, त्रिकुटा नगर और बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस थानों में अलग अलग मामले दर्ज किया गया है। सेना को सूचना मिली थी कि कुछ लोग सेना का सामान गैर कानूनी तरीके से बेच रहे हैं।
इस सूचना पर बुधवार को सेना की 9 कार्प इंटेलिजेंस के मेजर सुरेश बाबू, सेना की सर्विलेंस यूनिट, नरवाल पुलिस चौकी के एसआई नियात अली और बाड़ी ब्राह्मणा पुलिस ने संयुक्त आपरेशन चलाया।
17 बुलेट प्रूफ जैकेट और 87 पटके बरामद
इस दौरान सबसे पहले नरवाल के छन्नी रामा के सीआरपीएफ ट्रांजिट कैंप के सामने कबाड़ी की दुकान पर छापामारी की। यहां कबाड़ी विजय कुमार (पूर्व सैनिक 24 पंजाब) से 9 बुलेट प्रूफ जैकेट (फाइबर प्लेट) बरामद की गईं।
इसके बाद बाड़ी ब्राह्मणा के बडोरी में सत पाल वर्मा की आर्मी स्टोर की दुकान पर छापामारी की गई। यहां 8 बुलेट प्रूफ जैकेट (फाइबर प्लेट) 87 बुलेट प्रूफ पटके, 10 इंसास मैगजीन बरामद की गईं। पुलिस ने दोनों के खिलाफ 188 आरपीसी में मामला दर्ज किया है।
कहां से खरीदा गया सामान
दोनों ने पूछताछ में बताया कि यह सामान पंजाब के पठानकोट में गौरव कबाड़ी से खरीदा गया है। गौरव पहले से ही पंजाब पुलिस की हिरासत में है।
खरीदने और बेचने का मकसद
पूछताछ में दोनों ने बताया कि यह सामान वह उन सैनिकों को बेचते थे, जिनका सामान लापरवाही में गुम हो जाता है। वह महंगे दाम में यह सामान बेचते थे। कुछ आम नागरिकों को भी सामान बेचने का सामान सामने आया है। बताया जा रहा है कि कुछ लोगों ने शौक में भी सामान खरीदा है। उनसे भी ऊंचे दाम वसूले गए।