सरपंच के घर से पकड़ा गया लश्कर कमांडर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर में सुरक्षा बलों ने शुक्रवार को एक सरपंच के घर से लश्कर के टॉप कमांडर अबू मावया को गिरफ्तार कर लिया। मावया पाकिस्तानी है। उससे हथियार और गोला बारूद भी बरामद हुआ है। एक पुख्ता सूचना के आधार पर पुलिस और सेना ने साझा ऑपरेशन के दौरान शुक्रवार सुबह पांच बजे सोपोर के चूरा गांव के सरपंच फारूक अहमद के घर पर छापा मारा।
अचानक पड़े छापे के चलते लश्कर कमांडर अबू मावया कुछ नहीं कर पाया और सुरक्षा बलों ने उसे धर दबोचा। पुलिस ने आतंकी के अलावा उसे पनाह देने वाले सरपंच को भी गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई कि गिरफ्तार आतंकी अबू मावया पाकिस्तानी नागरिक है और उत्तरी कश्मीर में लश्कर की कमान संभाले हुए था।
मावया का सीधा संपर्क लश्कर के टॉप कमांडरों से
आतंकी के कब्जे से एक एके-47 राइफल, तीन एके मैगजीन, 90 गोलियां, एक पाउच और अन्य गोला-बारूद बरामद हुआ। उसके पास से एक नकली वोटर कार्ड भी बरामद हुआ है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह आतंकी पिछले तीन महीनों से उत्तरी कश्मीर में लश्कर की कमान संभाले हुए था।
सोपेर में हाल ही में हुई कई आतंकी घटनाओं में भी इसकी भूमिका रही है। मावया का सीधा संपर्क सीमा पार बैठे लश्कर के टॉप कमांडरों से था। उन्हीं के आदेशों को वह यहां लश्कर के रंगरूटों द्वारा अंजाम दिलाता था। 26 जनवरी से पूर्व इसकी गिरफ्तारी सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।
आतंकी की पहचान
नाम: जुबैर अहमद मुगल
कोड 1: अख्तर हुसैन
कोड 2: अबू मावया
पाता: गुलशन इकबाल कॉलोनी, कराची, पाकिस्तान
उम्र: 24 वर्ष