International Border: सर्दियों में घुसपैठ की आशंका के बीच बीएसएफ की सतर्कता बढ़ी, हर नापाक हरकत पर पैनी नजर
इमरान खान हत्या की खबर और दिल्ली धमाके के बाद बीएसएफ ने अंतरराष्ट्रीय सीमा पर गश्त और सुरक्षा कड़ी कर दी है, जिसमें नालों, पुलियों और नहरों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों का विशेष निरीक्षण शामिल है। जवान और महिला कर्मी दिन-रात सतर्क रहकर घुसपैठ और ड्रोन गतिविधियों पर नजर रख रहे हैं, ताकि किसी नापाक हरकत को रोका जा सके।
विस्तार
अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान में पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की जेल में हत्या की खबरों और दिल्ली धमाके के बाद बीएसएफ ने गश्त तेज कर दी है। सीमा को सुरक्षित और सुरक्षा को मजबूत करने के लिए शनिवार को गश्ती अभियान चलाया।
बीएसएफ जवानों के साथ पुलिस के सीनियर अधिकारियों ने भी अभियान में हिस्सा लिया।
इस दौरान अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) के साथ महत्वपूर्ण इलाकों का निरीक्षण किया। दुश्मन देश से कोई नापाक हरकत न हो, इसलिए नालों, पुलिया और नहरों जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। गश्त कर रहे जवानों ने कहा कि वह दिन-रात प्रहरी बनकर सरहद की रक्षा कर रहे हैं। घुसपैठ रोकने के साथ-साथ ड्रोन की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
महिला जवानों ने कहा कि वह देश वासियों की रक्षा के लिए फर्ज निभा रही हैं। जब भी पाकिस्तान की ओर से किसी प्रकार की हरकत की जाती है तो उन्हें उसी की भाषा में जवाब दिया जाता है। सूत्रों के अनुसार सर्दी बढ़ने पर अंतरराष्ट्रीय सीमा व एलओसी पर घुसपैठ कराने के इरादे से पाकिस्तान में लांचिंग पैड पर कई आतंकियों को रखा गया है। ऐसे में पैनी नजर रखी जा रही है। जवान आधुनिक हथियारों के साथ सतर्क हैं।
सांबा में मॉकड्रिल कर नालों में उगे सरकंडों को खंगाला
तनाव को देखते हुए भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा पर कड़ी चौकसी कर दी गई है। सीमा की निगरानी में तैनात जवानों को दिन-रात दुश्मन की हर हरकत पर नजर रखने के निर्देश जारी किए गए हैं। 125वीं वाहिनी के कमांडिंग अधिकारी शेखर की देखरेख में सीमा पर शनिवार को मॉकड्रिल की गई। जवानों ने नालों में उगे सरकंडों को खंगाला।
तारबंदी के आसपास तलाशी अभियान चलाया। अग्रिम मोर्चों पर महिला कर्मी भी तैनात की गई हैं जिन्होंने अभियान में भाग लिया। सूत्रों के अनुसार घना कोहरा व धुंध के चलते सीमावर्ती क्षेत्रों में पाकिस्तान की ओर बहने वाले नदी-नालों पर उगे सरकंडों में जवानों को निगरानी रखने में काफी दिक्कतें रहती हैं। घुसपैठ पर नकेल कसने के लिए अब सुरक्षाबलों की ओर से चौकसी बढ़ा दी गई है। साथ ही आधुनिक यंत्र लगाए गए हैं।