बिजली गिरने से तीन झुलसे, एक ने खोया दिमागी संतुलन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शुक्रवार की सुबह करीब आठ बजे शहर के तरयोठ क्षेत्र में उस समय दहशत का माहौल पैदा हो गया, जब बिजली गिरने से तीन लोग बुरी तरह झुलस गए। जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों को जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया, जबकि तीसरे व्यक्ति का उपचार जिला अस्पताल में ही हो रहा है। इस हादसे के बाद वह अपना दिमागी संतुलन खो चुका है।
जानकारी के अनुसार स्थानीय निवासी सैद मोहम्मद पुत्र दीन मोहम्मद, शौकत अहमद पुत्र मोहम्मद लतीफ और सतपाल कुमार पुत्र काकूराम क्षेत्र के एक व्यक्ति मोहम्मद बशीर के घर घास काटने के लिए गए हुए थे। घास काटने के लिए वे तीनों घर के पास जमीन में गए, तभी आसमानी बिजली गिरी और तीनों उसकी चपेट में आ गए।
तीसरे ने खोया दिमागी संतुलन
बिजली गिरने से तीनों लोग बुरी तरह से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दो लोगों की बिगड़ती हालत को देखते हुए उन्हें जम्मू रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचार कर रहे डाक्टर और चिकित्सा अधीक्षक डाक्टर महमूद अहमद ने बताया कि तीनों के शरीर बुरी तरह से झुलस गए थे।
गंभीर रूप से झुलसे सैद मोहम्मद और शौकत अहमद को बेहतर उपचार के लिए जीएमसी जम्मू रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में उपचाराधीन सतपाल ने अपना दिमागी संतुलन खो दिया है। डाक्टर के अनुसार सदमे के चलते सतपाल बहकी-बहकी बातें कर रहा है। देर रात खबर लिखे जाने तक वह किसी को भी पहचान नहीं पा रहा था।