कश्मीर में जेल से टेरर नेटवर्क संचालित होने की आशंका, मिले भड़काऊ दस्तावेज और मोबाइल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू-कश्मीर पुलिस ने उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिला जेल में बंद आतंकियों और अन्य कैदियों से 20 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इसके अलावा कुछ देश विरोधी भड़काऊ दस्तावेज भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिए। पुलिस और जेल प्रशासन ने देर रात जेल में छापा मारा तो उक्त मोबाइल फोन और दस्तावेज कैदियों से बरामद किए गए।
हालांकि पुलिस इस संबंध में कुछ ज्यादा कहने को तैयार नहीं है, लेकिन इस मामले में पुलिस ने छानबीन शुरू कर दी है। उक्त जेल में कई खतरनाक आतंकी बंद हैं, इसलिए इसमें आतंकी कनेक्शन होने की आशंका भी जताई जा रही है।
अब यह सभी मोबाइल की कॉल डिटेल सामने आने के बाद ही पता चल पाएगा कि आखिर जेल में इतने मोबाइल फोन कैसे और किस मकसद से लाए गए थे। कहीं कोई आतंकी वारदात को अंजाम देने की साजिश तो नहीं बुनी जा रही थी।
बरामद हुए सामान और कैदियों के टेरर कनेक्शन की पड़ताल जारी
पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार एक सूचना के आधार पर बारामुला जिला जेल में पुलिस और जेल प्रबंधन ने मंगलवार देर रात साझा तलाशी अभियान छेड़ा। इस दौरान जेल में बंद कैदियों की तलाशी ली गई तो उनके पास से 20 मोबाइल फोन और कुछ भड़काने वाले देश विरोधी दस्तावेज बरामद हुए। पुलिस ने पुख्ता जानकारी होने के बाद जेल में बंद कैदियों की तलाशी देर रात ली।
उन्होंने बताया कि इस घटना में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि प्रतिबंधित होने के बावजूद भी इतने मोबाइल फोन और ऐसे दस्तावेज जेल के अंदर कैसे पहुंचे। पुलिस हर पहलू को खंगालने की कोशिश कर रही है। यह भी पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इसका कहीं कोई आतंकी कनेक्शन तो नहीं।