जम्मू कश्मीरः रोज नए वीडियो और फोटो वायरल कर रहे हैं आतंकी, बेबस बनी पुलिस
लश्कर कमांडर नवीद जट को हमला कर छुड़ा ले जाने के बाद से आतंकी सुरक्षाबलों को खुली चुनौती दे रहे हैं। कश्मीर में रहकर की नवीद और अन्य आतंकी हर रोज नित नए वीडियो वायरल कर रहे हैं।
जिसके आगे पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां बेबस नजर आ रही हैं। पिछले दस दिन में आतंकी नवीद की कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुई हैं। हिजबुल कमांडर सद्दाम पाडर के साथ भी नवीद की तस्वीर वायरल हुई।
इसके बाद जैश कमांडर मुफ्ती वकास का वीडियो वायरल हुआ। इसमें वह कश्मीरी युवाओं को जैश में शामिल होने के लिए प्रेरित करता नजर आ रहा है। एक और ऑडियो आतंकी सैफुल्लाह मीर का जारी हुआ है।
इन दोनों ऑडियो और वीडियो में सुंजवां की तरह ही अन्य हमले करने की चेतावनी दी जा रही है। लेकिन ऐसे वीडियो ऑडियो वायरल होने पर कोई अंकुश नहीं लग पा रहा। आतंकी सुरक्षाबलों को चिढ़ा रहे हैं।
आपरेशन आल आउट की भी धीमी पड़ी रफ्तार
वर्ष 2017 में अंतिम छह महीने में आतंकियों के खिलाफ चलाया गया आपरेशन आल आउट काफी सफल रहा। लेकिन नए साल में इसकी रफ्तार कुछ धीमी पड़ती नजर आ रही है। शौपियां में सैन्य कार्रवाई के दौरान मारे गए उपद्रवी युवकों की घटना के बाद यह रफ्तार और कम हो गई।
2017 में आपरेशन आलआउट शुरू होने के बाद घाटी में अंतिम छह महीने में 150 के करीब आतंकी मारे गए। 20 से अधिक आतंकी कमांडर ढेर किए गए। जबकि 50 से ज्यादा आतंकियों के लिए काम करने वाले ओवर ग्राउंड वर्कर पकड़े गए।
लेकिन नए साल में यह रफ्तार कुछ धीमी पड़ गई। पिछले 45 दिनों में घाटी में सिर्फ 11 आतंकी मारे गए हैं। जबकि सात जवान शहीद हो गए। जबकि इसके पहले एक महीने में 20 से 30 आतंकी ढेर किए जा रहे थे। इन 45 दिनों में आतंकी नवीद को आतंकियों द्वारा हमला कर छुड़ा जाना एक बड़ी चूक और नाकामी भी है।