कश्मीर घाटी में गणतंत्र दिवस पर हमले की साजिश नाकाम
उत्तरी कश्मीर की नियंत्रण रेखा के करीब कुपवाड़ा जिले में सेना ने एक आतंकी ठिकाने को ध्वस्त किया। यहां से तलाशी के दौरान पांच आईईडी (एक आईईडी का वजन 500 ग्राम), 35 मीटर बिजली के तार और तीन डेटोनेटर बरामद हुए हैं।
आतंकी गणतंत्र दिवस या उससे पूर्व किसी बड़ी कार्रवाई को अंजाम देने की फिराक में थे, जिसे समय रहते नाकाम करने में सफलता हासिल हुई।
सैन्य अधिकारियों का कहना है कि अगर समय रहते ये आतंकी ठिकाना ध्वस्त नहीं किया जाता तो आतंकी बड़ी तबाही मचा सकते थे।
आतंकियों ने जमीन के नीचे बना रखा था ठिकाना
सेना के एक अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार 12 मराठा रेजीमेंट के जवान जिले के अमरोही जंगल क्षेत्र में तलाशी अभियान पर थे। इस दौरान उन्हें जमीन के नीचे आतंकियों के एक ठिकाने का पता लगा।
उन्होंने इस ठिकाने की तलाशी ली, तब यह बरामदगी हुई। पुलिस के अनुसार यह सुरक्षा बलों के लिए एक बड़ी कामयाबी है।
उन्होंने कहा कि 26 जनवरी से पूर्व गोला बारूद की बरामदगी कहीं न कहीं इशारा करती है कि आतंकियों की मंशा किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की थी। ज्ञात हो कि एक दिन पहले मेंढर इलाके में भी एलओसी पर आईईडी बरामद किया गया था।