Exclusive: सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान तबाह हुए आतंकी लांचिंग पैड फिर से हुए सक्रिय
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पीओके में लश्कर-ए-तैयबा के आतंकी शिविर फिर से सक्रिय हो गए हैं। सर्जिकल स्ट्राइक के दौरान ध्वस्त किए गए आतंकी शिविरों में फिर से हलचल बढ़ गई है। भारत-पाकिस्तान नियंत्रण रेखा से सटे पीओके में आतंकियों के 27 लांचिंग पैड तैयार हो गए हैं। इन लांचिंग पैड पर आतंकियों का जमावड़ा है।
सेना के सूत्रों के मुताबिक आतंकियों के लांचिंग पैड पुंछ से बारामुला तक फैले हैं। कश्मीर के हालात और बिगाड़ने के लिए पाकिस्तान की ओर से लगातार आतंकियों की घुसपैठ कराने की कोशिश की जा रही है। सीजफायर का उल्लंघन आतंकियों को कवर फायर देने की रणनीति का हिस्सा है।
सेना के सूत्रों के मुताबिक एलओसी पर त्रिस्तरीय घेरा बन रहा है। अग्रिम पोस्टों से सेना गोले बरसा रही है, जबकि बैट हमले के लिए भी प्रयास तेज हैं। इस सुरक्षा घेरे के बाद आतंकियों के लाचिंग पैड हैं। पाकिस्तान सेना ने एलओसी पर जवानों की संख्या बढ़ा दी है और बड़ी संख्या में टैंक भी तैनात किए हैं। भारतीय सेना ने पाकिस्तान की तैयारियों के अनुरूप जवाबी कार्रवाई के लिए तैयारी की है। सुरक्षा एजेंसियों को इनपुट मिले हैं कि पीओके में आतंकियों के लांचिंग पैड पर 300 आतंकी मौजूद हैं।
बार्डर और एलओसी से 119 आतंकी घुसपैठ में सफल
आतंकी बुरहान वानी की मुठभेड़ में मौत के बाद कश्मीर में भड़की हिंसा को पाकिस्तान की एजेंसियों ने हवा दी। तब से अब तक पीओके और पाकिस्तान से 119 आतंकी घुसपैठ में सफल रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्रालय के दस्तावेज भी इसकी तसदीक करते हैं। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार घुसपैठ में सफल रहे 24 आतंकी मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं, जबकि 95 उत्तरी और दक्षिणी कश्मीर में सक्रिय हैं। सेना इन्हें समाप्त करने के लिए तलाशी अभियान चला रही है।
'युद्ध का खतरा दिखा तीसरे पक्ष का दखल चाहता है पाक'
जम्मू कश्मीर पुलिस के रिटायर्ड डीजीपी एमएम खजूरिया का कहना है कि पाकिस्तान लगातार एलओसी पर सीजफायर का उल्लंघन कर विश्व समुदाय की नजर में फिर से कश्मीर को विवादित क्षेत्र साबित करना चाहता है। गोलाबारी से पाकिस्तान दुनिया को बताना चाहता है कि भारत-पाक में युद्ध की स्थिति बन रही है। यह सोची-समझी साजिश है, ताकि संयुक्त राष्ट्र और अमरीका से मामले में हस्तक्षेप के लिए माहौल बनाया जा सके। यह दोतरफा हमला है। कश्मीर में आतंकियों से हमले कराने की लगातार कोशिश है। साथ ही स्थानीय युवकों को पत्थरबाजी के लिए उकसाया जा रहा है और एलओसी पर पाकिस्तान के मोर्टार आतंकियों की घुसपैठ कराने को गरज रहे हैं।