J&K: घाटी में फिर टारगेट किलिंग, आतंकियों की गोली का शिकार हुआ एक और कश्मीरी पंडित, अस्पताल में तोड़ा दम
पुलवामा में आतंकियों ने एक बार फिर लक्षित हत्या को अंजाम दिया है। कश्मीरी पंडित संजय शर्मा पर हमला कर आतंकी मौके से फरार हो गए। घायल संजय शर्मा को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। इससे पहले शुक्रवार को अनंतनाग में आतंकियों ने पूर्व पंच को निशाना बनाया। उनका इलाज अस्पताल में जारी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जानकारी के अनुसार, पुलवामा के अचन इलाके के रहने वाले संजय शर्मा पुत्र काशीनाथ शर्मा (उम्र करीब 40 वर्ष) रविवार को किसी काम से बाजार जा रहे थे। इस दौरान आतंकियों ने उन पर हमला कर दिया। इस हमले में वह घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। बताया जा रहा है कि संजय शर्मा बैंक सुरक्षा गार्ड के तौर पर काम करते थे। उधर, पुलिस और सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया है। आतंकियों की तलाश की जा रही है।
Terrorists fired upon one civilian from minority namely Sanjay Sharma
S/O Kashinath Sharma R/O Achan Pulwama while on way to local market. He was shifted to hospital however, he succumbed to injuries. There was Armed guard in his village. Area cordoned off. Details shall follow.विज्ञापन विज्ञापन— Kashmir Zone Police (@KashmirPolice) February 26, 2023
भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर बोले- आतंकियों के लिए मानव जीवन कोई मायने नहीं रखता
भाजपा नेता अल्ताफ ठाकुर ने कहा कि पुलवामा के आचन निवासी संजय शर्मा की हत्या की वह निंदा करते हैं। आतंकवादियों ने एक बार फिर दिखा दिया है कि उनके लिए मानव जीवन कोई मायने नहीं रखता है। सुरक्षाबल दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाएंगे। किसी को भी शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी।
उमर अब्दुल्ला ने हमले की निंदा की
उमर अब्दुल्ला ने आतंकी हमले में मारे गए कश्मीरी संजय शर्मा की मौत पर दुख जताया है। उन्होंने कहा, 'पुलवामा जिले के आचन निवासी संजय पंडित के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। संजय एक बैंक सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। मैं स्पष्ट रूप से इस हमले की निंदा करता हूं और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं।'
शुक्रवार को पूर्व पंच आसिफ अली को बनाया गया था निशाना
इससे पहले शुक्रवार रात को आतंकियों ने अनंतनाग में पूर्व पंच आसिफ अली को निशाना बनाया था। जिले के बिजबिहाड़ा इलाके के हसनपोरा तवेला में मस्जिद से नमाज पढ़कर लौट रहे आसिफ अली गनेई को दहशतगर्दों ने गोली मारकर घायल कर दिया। घायलावस्था में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल के पिता अली मोहम्मद गनेई पुलिस में हेड कांस्टेबल थे। आतंकियों ने 29 जनवरी 2022 की शाम मस्जिद के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इस मामले में पुलिस के अनुसार आसिफ अपने गांव में था, तभी शाम को आतंकी पहुंच गए। उन्होंने आसिफ की शिनाख्त करते हुए पिस्तौल से उसे गोली मार दी। पैर में गोली लगते ही आसिफ खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद आतंकी मौके से भाग निकले। उनके जाने के बाद परिजनों ने उसे अस्पताल पहुंचाया। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। लोगों से आवश्यक पूछताछ के बाद इलाके में सघन तलाशी अभियान चलाया गया है।
पिता की हत्या के बाद छोड़ दिया था पंच का पद
सूत्र बताते हैं कि पिता की हत्या के बाद आसिफ अली गनेई ने पंच के पद से इस्तीफा दे दिया था। इन दिनों वह गांव में ही रह रहा है।