कश्मीर को भी मिल सकती पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रेलवे की ओर से घाटी को चार नई ट्रेनों का तोहफा मिला। वीरवार को रेल मंत्री सुरेश प्रभु ने मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद तथा उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह की मौजूदगी में बडगाम से बारामुला के बीच डीएमयू ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर रेल मंत्री ने कहा कि घाटी में ट्रेनों की कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाएगा। आगे और भी ट्रेनें चलाई जाएंगी। अगले दो महीने में इन ट्रेनों में कोच की संख्या बढ़ाकर 12 तक कर दी जाएगी ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
रेल मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार रेल से ही घाटी को नहीं जोड़ना चाहती बल्कि वह चाहती है कि दिल्ली तथा कश्मीर के लोगों के दिल मिलें। केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के रेल संबंधी प्रोजेक्ट को प्राथमिकता पर लिया है। यहां की परियोजनाओं को जल्द पूरा करने की हिदायत दी गई है।
पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन की मांग
इस अवसर पर मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा कि घाटी में भी राजस्थान की तर्ज पर पैलेस ऑन व्हील्स ट्रेन चलनी चाहिए ताकि यहां की विरासत से सैलानियों को परिचित कराया जा सके।
इससे न केवल पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा बल्कि लोगों को यहां की धरोहर तथा खूबसूरती निहारने का मौका मिल सकेगा। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग घाटी की ओर आकर्षित होंगे। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर को दिल्ली से जोड़ने की ख्वाहिश है।
इससे यहां का मेवा, हैंडीक्राफ्ट्स तथा अन्य घरेलू उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य की माली हालत में सुधार आएगा। इस अवसर पर रेल राज्य मंत्री मनोज सिन्हा, सांसद शमशेर सिंह, जावेद मुस्तफा मीर, अब्दुल गनी कोहली, राजस्व राज्य मंत्री सुनील शर्मा तथा रेल महाप्रबंधक एके पुतिया मौजूद रहे।