SSP पर गिरी गाज, PSO के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भिंडरावाले के पोस्टर से शुरू हुए बवाल में शुक्रवार को एसएसपी जम्मू उत्तम चंद को हटाकर विवेक गुप्ता को नया एसएसपी बनाया गया। जम्मू में दिन भर तनाव के हालात रहे। अफवाहों को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने इंटरनेट और व्हाट्स एप सुबह से ही बंद करवा दिए थे। बुधवार को पुलिस की गोली से युवक की मौत के संबंध में एसओजी के पीएसओ मुकेश सैनी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद ही प्रदर्शनकारियों ने शव के पोस्टमार्टम की इजाजत दी।
अस्पताल से शव वापस पहुंचते ही प्रदर्शनकारी एक बार फिर भड़क उठे। मौके पर मौजूद एक न्यूज चैनल की सकार्पियो को आग के हवाले कर दिया। कुछ अन्य वाहनों को भी नुकसान पहुंचा। डीसी सिमरनदीप सिंह के अनुसार सतवारी और मीरां साहेब थान क्षेत्रों में कर्फ्यू तथा पूरे शहर में धारा 144 शनिवार को भी लागू रहेगी। स्कूल-कालेज पूरी तरह से बंद रहे। कुछ इलाकों में पैट्र्राल पंप, बैंक और बाजार भी बंद रहे। लोकल ट्रासपोर्ट और बस सेवाएं भी प्रभावित हुईं। शिक्षण संस्थाओं में शनिवार को भी अवकाश घोषित कर दिया गया है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सेना ने फ्लैग मार्च किया।
युवक की मौत के विरोध में प्रदर्शनों का सिलसिला दिनभर जारी रहा। शाम को जब युवक का शव रानीबाग पहुंचा तो गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इसमें कुछ लोगों को चोटें आईं। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर खड़े मीडिया के एक वाहन को भी आग लगा दी। बाद में युवक का शव उसके पैतृक गांव चोहाला ले जाया गया। अंतिम संस्कार शनिवार को किया जाएगा।
इससे पहले आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज न करने पर उत्तेजित लोगों ने पोस्टमार्टम करवाने से इंकार कर दिया। दोपहर बाद पुलिस ने पीएसओ के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। युवक की मौत के विरोध में शुक्रवार को शहर के तमाम हिस्सों में प्रदर्शन किया गया। जम्मू-पठानकोट हाइवे को डिगियाना आश्रम के सामने पूरी तरह ठप कर दिया गया। सतवारी से आरएस पुरा की ओर जाने वाली सड़क भी बंद रही।
डिगियाना, कनाल रोड, तालाब तिल्लो, रिहाड़ी, गंग्याल, बख्शी नगर, नरवाल और गोल गुजराल में प्रदर्शन हुए। सतवारी थाना क्षेत्र और उसके आसपास के इलाके में बैंक और बाजार पूरी तरह बंद रहे। जम्मू के अलावा कठुआ, सांबा, पुंछ और राजोरी में भी युवक की मौत के विरोध में प्रदर्शन हुए। युवक का पोस्टमार्टम होने के बाद उसका शव दोपहर बाद जीएमसी से रवाना हुआ। प्रशासन ने सतवारी चौक से रानी बाग तक सड़क पूरी तरह खाली करवा दी थी।
रानी बाग पुली के पास से प्रदर्शनकारियों को एयरपोर्ट की ओर आने की इजाजत नहीं दी जा रही थी। प्रशासन ने मृतक के घर तक शांतिपूर्ण शव पहुंचाने की व्यवस्था की थी। डीसी और एसएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहे। रानी बाग पुली के पास शव पहुंचते ही प्रदर्शनकारी नारेबाजी करने लगे। पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया। इससे भगदड़ मच गई। पुलिस और सीआरपीएफ के जवान भी पीछे हटने को मजबूर हुए।
हंगामे के बीच हुआ मृतक का पोस्टमार्टम
गोलीबारी और पथराव में मारे गए चौआला, आरएस पुरा निवासी जगजीत सिंह (24) के परिवार वालों ने जगजीत सिंह का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया। वे पहले आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की एफआईआर कापी सौंपने पर अड़े थे। इसके साथ ही एसएचओ सतवारी को सस्पेंड करने और एसएसपी जम्मू के तबादले की मांग पर अड़े थे। काफी तनावपूर्ण और हंगामे के बीच मृतक का डाक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया है।
ऐसा सिर्फ तब संभव हो सका है, जब पुलिस ने गोली चलाने के आरोपी मुकेश सैनी के खिलाफ एफआईआर नंबर 112, धारा 302 के तहत मामला दर्ज करके एफआईआर की कापी परिवार को सौंपी। परिवार के लोगों की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम हुआ। मृतक के सिर से गोली निकाल ली गई है, जिसमें साबित हो गया है कि युवक की मौत गोली लगने से हुई है।
इससे पहले आईजी दानेश राणा, डिवीजनल कमिश्नर डा. पवन कोतवाल, डिप्टी कमिश्नर जम्मू सिमरनदीप सिंह और पूर्व एमएलसी त्रिलोचन सिंह वजीर ने परिवार के लोगों को बमुश्किल से यह कहते हुए शांत करवाया कि उनकी सारी मांगों को मान लिया जाएगा। आईजी राणा ने कहा कि कोई शिकायत लिखकर दे दे, वरना पुलिस खुद ही कार्रवाई करके हत्या का मामला दर्ज करके कापी सौंप देगी। एसएसपी उत्तम चंद के तबादले पर उन्हें साफ कर दिया है। ऐसा करना उनके हाथ में नहीं है। लोगों की बात को उच्चाधिकारियों तक पहुंचा दिया जाएगा।
विदेश जाने की तैयारी में था जगजीत
गोली लगने से मारे गए चौआला, आरएस पुरा निवासी जगजीत सिंह विदेश जाने के लिए वीजा अप्लाई किए हुए था। परिवार के हालात ज्यादा ठीक नहीं थे, इसलिए बमुश्किल से पैसे का प्रबंध करके कुछ माह के बाद विदेश जाना था, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण उसकी मौत हो गई। जगजीत के माता-पिता पहले ही बड़े बेटे मंदीप सिंह के छह साल से संपर्क में नहीं होने से चिंतित चल रहे थे।
अब जगजीत सिंह के बिछड़ जाने से उनका आगे का जीवन चुनौतीपूर्ण हो गया है। पिता नरबीर सिंह टूट चुके हैं। मां राज कौर, बहन तरनजीत कौर, दादा इंद्र सिंह और दादी हरबंस कौर का जीएमसी में रो-रोकर कर बुरा हाल था। बहन तरनजीत कौर के मुताबिक जगजीत ने वीजा अप्लाई किया हुआ था।
वह विदेश जाने की तैयारी कर रहा था, ताकि विदेश जाकर पैसा कमाने के बाद परिवार की सारी की मुश्किलों को खत्म कर सकता, लेकिन जगजीत की मौत ने उनके सामने संघर्षपूर्ण जीवन खड़ा कर दिया है। पिता नरबीर सिंह ने मेहनत-मजदूरी करके बच्चों को पढ़ाया-लिखाया था, ताकि उनके बड़े होने पर उन्हें अच्छा काम मिल सके और परिवार में खुशियां आ सकें।
दादा इंद्र सिंह के मुताबिक विदेश जाने के लिए जगजीत सिंह ने कुंजवानी स्थित निजी मोबाइल कंपनी में काम किया था। कुछ पैसे अपने भी जोड़े थे और कुछ पैसे घर से लेकर वीजा अप्लाई किया था। दादा इंद्र सिंह के मुताबिक वह आफिस गया था, गाडीगढ़ से वह मोटरसाइकिल पर गुजर रहा था कि तभी पुलिस ने उसे गोली मार दी।
पोस्टर विवाद: आज भी बंद रहेंगे स्कूल
पोस्टर विवाद के बाद हालात सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रशासन की तरफ से शनिवार को भी सभी स्कूलों को बंद रखने का आदेश जारी किया गया है। शनिवार को भी स्कूलों में विद्यार्थियों की छुट्टी रहेगी। चीफ एजूकेशन आफिसर जम्मू जेके सूदन ने बताया कि प्रशासन की तरफ से शिक्षा विभाग को शुक्रवार को आदेश दिए हैं कि शनिवार को जम्मू में सभी सरकारी व निजी स्कूल बंद रहेंगे। उन्होंने कहा कि हालात सुधरने के बाद अब सोमवार को ही स्कूल खुलेंगे।
राजनाथ ने मुफ्ती से फोन पर की बात
प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री डा. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को गृह मंत्री राजनाथ सिंह से नई दिल्ली में मुलाकात कर उन्हें जम्मू की स्थिति की जानकारी दी। उन्होंने गृह मंत्री से जम्मू कश्मीर के हालात खासतौर से कानून और व्यवस्था की स्थिति पर भी चर्चा की।
इसके बाद गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद से फोन पर बात कर राज्य के हालात खासकर जम्मू में पोस्टर विवाद के बाद उत्पन्न स्थिति की जानकारी ली। सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्रालय ने पूरे मामले की रिपोर्ट तलब की है। साथ ही कानून व्यवस्था की स्थिति हर हाल में बनाए रखने को कहा है।