रियासी। जम्मू यूनिवर्सिटी के डाइरेक्टोरेट ऑफ स्पोर्ट्स एंड फिजिकल एजूकेशन विभाग ने माड़ी स्थित मल्टीपर्पज स्पोर्ट्स स्टेडियम में तलवारबाजी प्रतियोगिता करवाई। इस अंतर जिला प्रतियोगिता में जनरल जोरावर सिंह मेमोरियल डिग्री कॉलेज रियासी ओवर ऑल चैंपियन रहा।
बुधवार को शुरू हुई प्रतियोगिता के साथ वीरवार के मैचों में भी रियासी के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन किया था। शुक्रवार को रियासी के नाम दो पदक रहे। प्रतियोगिता के अंतिम दिन शुक्रवार को पुरुषों के इप्पी खेल में रियासी ने पीजी विभाग जम्मू यूनिवर्सिटी को 15-9 से हराकर स्वर्ण जीता। इप्पी के व्यक्तिगत मैच में डिग्री कॉलेज रियासी के छात्र परविंदर शर्मा ने डिग्री कॉलेज पलौड़ा जम्मू के शिव्यांश कपूर को अतिरिक्त समय में 4-3 से हराया।
सेबर मेें डोगरा लॉ कॉलेज जम्मू के उदयवीर सिंह ने जीडीसी बिश्नाह के सूर्यांश को 10-8 से हराया। विजेता रहे सभी खिलाड़ियों को पदक देकर सम्मानित किया गया। मौके पर रियासी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. कुलविंदर कौर, पौनी कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. रजनी भगत, मुख्य शिक्षा अधिकारी सुनीता बाली, प्रिंसिपल डाइट जनक राज, खेल परिषद के मैनेजर निलेश शुक्ला व सतिंदर मेहता ने सभी को ट्रॉफी व पदक दिए।