सोनिया और राहुल गांधी आज जम्मू के बाढ़ पीड़ितों से मिलेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन मंगलवार को पुंछ जिले के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे। इसके बाद वह जम्मू पहुंचेंगे और गेस्ट हाउस में पार्टी नेताओं के साथ बैठक के अलावा संभाग में बाढ़ प्रभावित इलाकों में हुए नुकसान का जायजा भी लेंगे।
पार्टी प्रवक्ता रविंद्र शर्मा का कहना है कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी मंगलवार को श्रीनगर से जम्मू संभाग के बाढ़ प्रभावित जिले पुंछ का दौरा करेंगे और बाढ़ प्रभावित लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं का जायजा लेंगे। उन्होंने कहा कि इसके बाद वह दोपहर को जम्मू लौटेंगे और गेस्ट हाउस में पार्टी नेताओं से बातचीत कर स्थिति का जायजा लेने के अलावा बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत सामग्री भी वितरित करेंगे।
सायं चार बजे दिल्ली लौटने से पूर्व सोनिया और राहुल के ज्यादातर कार्यक्रम गेस्ट हाउस में ही होंगे। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा में विपक्ष के नेता गुलाम नबी आजाद, प्रदेश प्रभारी अंबिका सोनी और प्रदेशाध्यक्ष सैफुद्दीन सोज समेत कई नेता भी मौजूद रहेंगे।
सोनिया, राहुल ने जाना बाढ़ पीडि़तों का दुख दर्द
कश्मीर घाटी में भीषण बाढ़ से उपजे हालात का जायजा लेने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और उपाध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को श्रीनगर पहुंचे। वह दो दिवसीय दौरे पर हैं। उनके साथ कांग्रेस की राज्य प्रभारी अंबिका सोनी भी हैं। बाढ़ पीडि़तों को उन्होंने भरोसा दिया है कि उन्हें हर संभव मदद दी जाएगी।
एयरपोर्ट पर उतरने के बाद वह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज और वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद के साथ विशेष हेलिकाप्टर से अनंतनाग जिले के डुरू निर्वाचन क्षेत्र गए। वहां उन्होंने तंबुओं में रह रहे बाढ़ पीडि़तों से बातचीत कर हालात की समीक्षा की। सोनिया और राहुल ने एक जनसभा को भी संबोधित किया।
दुख की घड़ी में पीडि़तों के साथ: राहुल
पत्रकारों से बातचीत में राहुल ने कहा कि वह इस दुख की घड़ी में पीडि़तों के साथ हैं। उन्होंने यह भी जोड़ा कि कश्मीर में आई इस आपदा के बाद कांग्रेस, एनएसयूआई और राजीव गांधी फाउंडेशन के सभी कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर लोगों की सहायता में जुटे रहे।
पार्टी के नेता भी पीडि़तों की सहायता में जुटे हुए हैं। कांग्रेस के दोनों शीर्ष नेता बडगाम जिले के बीरवाह इलाके में गए। वहां भी उन्होंने बाढ़ से पैदा हुई स्थिति का जायजा लिया और पीडि़तों को मदद का भरोसा दिया।
बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने के बाद सोनिया गांधी ने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की अध्यक्षता वाली राज्य प्रशासन के साथ श्रीनगर के नेहरू गेस्ट हाउस में बैठक की। बाढ़ से उपजे हालात की बैठक में समीक्षा की गई। सोनिया और राहुल सोमवार की रात को नेहरू गेस्ट हाउस में ही रुके।