बीएसएफ पर हमले में शामिल आतंकियों की पहचान
दक्षिणी कश्मीर के पुलवामा जिले में शनिवार को बीएसएफ पर हुए हमले में शामिल आतंकियों के समूह की पुलिस ने पहचान कर ली है। इस संबंध में पुलिस ने चार लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक पीएनबी का कर्मचारी भी शामिल है। हमले में बीएसएफ के दो जवान शहीद हो गए थे, जबकि चार घायल हैं।
इन आतंकवादियों के खिलाफ सेना ने धारा 302, 307 और 7/25 के तहत केस दर्ज किया है। इन सभी आतंकियों को पूछताछ के लिए एसओजी गुप्त स्थान पर ले गई है। आपको बताते चलें कि अवंतीपोरा रेलवे स्टेशन के करीब ट्रैक नंबर 40 की सुरक्षा में तैनात जीआरपी कांस्टेबल राजिंदर सिंह (बेल्ट नंबर 337/जीआरपी) को तीन गोलियां मारी गई थी। इनमें से दो गोलियां पैर और एक गले में लगी थी।
पम्पोर से गिरफ्तार किए गए
कश्मीर रेंज के आईजीपी अब्दुल गनी मीर ने कहा कि पुलिस ने आतंकियों के उस समूह की शिनाख्त कर ली है, जिसने बीएसएफ के जवानों पर हमला किया था। कोशिश की जा रही है कि उन्हें जल्द पकड़ा जाए। पुलिस सूत्रों के अनुसार अभी तक चार लोगों को हिरासत में लिया गया है।
इनमें बटपुरा लद्दु के फारूक अहमद खांडे (पीएनबी कर्मचारी), कुनिबल पांपोर निवासी मुदस्सर अहमद भट, निज पांपोर निवासी जान मोहम्मद खांडे और वुयन पांपोर निवासी मंजूर अहमद जू शामिल हैं। सभी से पूछताछ की जा रही है।
मीर ने कहा कि पुलवामा जिले में आतंकी हमलों और आतंकियों की गतिविधि में लगातार बढ़ोतरी को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम हाल ही में हुए आतंकी हमलों की छानबीन कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही नए खुलासे होंगे।