{"_id":"678a50ce80dbf4ac811342adcbb7196f","slug":"snowfall-on-mountains-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"ऊंचे पर्वतों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
ऊंचे पर्वतों ने ओढ़ी बर्फ की सफेद चादर
ब्यूरो/अमर उजाला, कठुआ
Updated Thu, 22 Jan 2015 12:34 PM IST
विज्ञापन
मौसम के मिजाज ने करवट लेकर पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी और मैदानों में रिमझिम बारिश से ठिठुरन बढ़ा दी। मंगलवार से ही तेवर बदलता मौसम बुधवार दोपहर को सर्द हो गया। जिले के पर्वतीय इलाकों में ताजा बर्फबारी हो गई।
विज्ञापन
देर शाम को पर्वतीय इलाकों से सटे कसबों में बर्फबारी के आसार बनने लगे। मैदानों में बारिश ठंड बढ़ा दी। कठुआ जिले के सुदूरवर्ती सरथल, जोड़ियां माता पर्वत, कोटी चंडियार, डग्गर, भंडार में दिन के समय बर्फबारी से मौसम बदल गया।
विज्ञापन
पर्वतीय चोटियां बर्फ से लकदक हो गईं, जबकि सटे निचले इलाकों में बारिश का दौर जारी रहा। महानपुर कसबे और तहसील के अधिकांश इलाकों में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई।
विज्ञापन
उधर कठुआ शहर सहित आसपास के तमाम इलाकों में दोपहर को बादलों ने बारिश की बूंदें बरसाना शुरू कर दीं। रिमझिम बारिश से हालांकि जनजीवन पर ज्यादा असर नहीं पड़ा, लेकिन ठंड बढ़ने से दिनचर्या को सर्द मौसम से जरूर जोड़ दिया।
स्कॉस्ट जम्मू की कठुआ एग्रोमेट यूनिट के अनुसार बुधवार को रिमझिम बारिश का पैमाना तीन एमएम रिकॉर्ड किया गया। बारिश से दिन का अधिकतम तापमान अठारह डिग्री सेल्सियस, जबकि न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं, इससे ठंड में भी इजाफा होना तय है।