जम्मू कश्मीर में आतंकी हमले के बाद बढ़ाई गई रेलवे ट्रैक की सुरक्षा
रेल फेक्चर के कारण होने वाले हादसे और आतंकी हमले के बाद लखनपुर से लेकर कटड़ा तक सभी रेलवे स्टेशन और पूरे ट्रैक पर सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। सुबह से लेकर रात तक पूरा ट्रैक कडे़ पहरे में है। वहीं नाइट पेट्रोलिंग के कर्मचारी रात करीब 11 बजे से सुबह सात बजे तक पूरे ट्रैक का निरीक्षण कर रहे हैं।
पिछले दिनों आतंकी हमले के बाद ट्रैक को उड़ाने वाली सामग्री मिलने के बाद जीआरपी ने सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया है। सबसे अधिक जम्मू, बाड़ी ब्राह्मणा, विजयपुर और उधमपुर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा को बढ़ाया गया है।
इन सभी स्टेशनों पर अतिरिक्त जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा जम्मू से लेकर कटड़ा तक सभी रेलवे टनलों की भी सुरक्षा को बढ़ाया गया है।
ट्रैक के रखरखाव व सुरक्षा के लिए कर्मचारियों की तैनाती
टनलों के नजदीक पहुंचने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा रेलवे की तरफ से ट्रैक के रखरखाव और निरीक्षण को लेकर लखनपुर से कटड़ा तक नाइट पेट्रोलिंग पर कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं। पांच किलोमीटर के हिसाब से दो कर्मचारियों को निगरानी का काम दिया गया है।
इसमें रात 11 बजे से सुबह सात बजे तक कर्मचारी ट्रैक की निगरानी का काम कर रहे हैं। इन कर्मचारियों को सभी उपकरण उपलब्ध करवाए गए हैं। इनको कोहरे से निपटने के लिए पटाखे भी उपलब्ध करवाए गए हैं। पूरे ट्रैक पर करीब 80 कर्मचारी नियुक्त किए गए हैं।
टूटा पाया गया था रेलवे ट्रैक
कर्मचारियों ने तुरंत इसकी जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी। इसके बाद ट्रेन को कठुआ में ही रोक दिया गया और ट्रैक की मरम्मत के बाद रेल सेवा को शुरू किया गया।