कश्मीर में आतंकी हमलों के बाद सुरक्षा सख्त
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर में सोमवार को एक के बाद एक तीन आतंकी हमलों में तीन पुलिसकर्मियों के शहीद होने के बाद सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी थानों को सतर्क रहने के आदेश जारी किए हैं। जगह-जगह पर नाकेबंदी कर तलाशी अभियान तेज कर दिए गए हैं। संदिग्धों पर नजर है। वाहनों को रोककर तलाश की जा रही है।
घाटी में हुए इन हमलों को लेकर जम्मू कश्मीर पुलिस के कश्मीर रेंज के आईजीपी सईद जावेद मुज्तबा गिलानी ने कहा कि आतंकी ऐसे हमलों को अंजाम देकर पुलिसकर्मियों को निशाना बना रहे हैं। आतंकियों का मकसद दहशत फैलाना है। उनके अनुसार तीनों पुलिसकर्मी एक मामले की तफ्शीश करने जा रहे थे और निहत्थे थे, इसलिए उन्हें आसान निशाना बनाया गया।
गिलानी के अनुसार उन्होंने मामले में तेजी से जांच करने को कहा है। उन्होंने उम्मीद जताई है कि आतंकियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री मोहम्मद सईद ने शहीद पुलिसकर्मियों की मौत पर दुख का इजहार किया है। उन्होंने शहीदों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।
पुलिस कर्मियों का हौसला बढ़ाने पहुंचे डीजीपी
राज्य पुलिस महानिदेशक के राजिंद्रा ने कहा है कि आतंकी हमले पुलिस कर्मियों की ड्यूटी को प्रभावित नहीं कर सकते। पुलिस आतंकवाद से लड़ने के लिए वचनबद्ध है और इसमें कहीं कोई कमी नहीं आएगी। डीजीपी सोमवार को कश्मीर में पुलिस कर्मियों पर हुए आतंकी हमले के बाद स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।
यहां पुलिस के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की गई। कश्मीर में आतंकी हमलों से निपटने और सुरक्षा से संबंधी कई मुद्दों को लेकर बातचीत हुई। राजिंद्रा ने बैठक में कहा कि कश्मीर में सोमवार को तीन हमले हुए, लेकिन यह हमले पुलिस को कमजोर नहीं कर सकते। शहीदों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए कहा कि पुलिस कर्मी देश के लिए शहीद हुए हैं।
उन्होंने सभी सुरक्षा एजेंसियों को मिलकर काम करने और लगातार आतंकी हमलों पर मंथन करने के लिए कहा। खुफिया एजेंसियों को मजबूती से काम करना होगा और आतंकियों को मार गिराने के लिए काम करना होगा। आतंकियों के आकाओं को मारने के लिए रणनीति बनाने पर बल दिया गया।