पुलिस की पाठशाला: यातायात नियमों के प्रति किया जागरूक, SDPO दोमाना ने विद्यार्थियों को पढ़ाया पाठ
एसडीपीओ ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि 18 साल से कम उम्र के बच्चे वाहन न चलाएं। अन्यथा पकड़े जाने पर परिजनों को सजा हो सकती है।
विस्तार
सड़क पर वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें। इससे आपका व अन्य लोगों का जीवन सुरक्षित रहेगा। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से जम्मू शहर के मढ़ के शक्ति शिक्षा केंद्र हायर सेकेंडरी स्कूल में आयोजित पुलिस की पाठशाला में एसडीपीओ दोमाना सुनील सिंह ने कहीं।
एसडीपीओ ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पाठ पढ़ाते हुए कहा कि 18 साल से कम उम्र के बच्चे वाहन न चलाएं। अन्यथा पकड़े जाने पर परिजनों को सजा हो सकती है। वहीं, जो 18 साल से ऊपर के हैं, बाइक चलाते समय हेलमेट और कार चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग जरूर करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करें, क्योंकि इससे हादसे की आशंका रहती है। वहीं अगर कोई आपको ब्लैकमेल करता है या फिर कोई समस्या है तो गलत कदम न उठाएं। अपनी समस्या को परिजनों से साझा जरूर करें।
नशा और मोबाइल से रहें दूर
एसडीपीओ सुनील सिंह ने कहा कि विद्यार्थी नशा करने वालों से दूर रहें। अगर कोई नशे को बेचते या नशा करते दिखाई दे, तो पुलिस को सूचित करें। इसके अलावा अपने परिजनों को किसी चीज के लिए परेशान न करें। खेलों और पढ़ाई पर ध्यान दें। मोबाइल फोन से दूर रहें। एक छोटी सी लापरवाही या गलती बड़े हादसे का कारण बन सकती है। विद्यार्थियों और युवाओं को वाहन चलाने से पहले लाइसेंस बनवाने और सभी दस्तावेज साथ रखने की सलाह भी दी, ताकि यात्रा में कोई बाधा न उत्पन्न हो। एसडीपीओ ने आगे भी ऐसे कार्यक्रम जारी रखने के लिए कहा।
विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास के लिए ऐसे कार्यक्रम जरूरी
वहीं, स्कूल प्रधानाचार्य लाल चंद गंडोत्रा ने कार्यक्रम के लिए फाउंडेशन और एसडीपीओ सुनील सिंह का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहने चाहिए। इससे विद्यार्थियों का मार्गदर्शन होता है और उन्हें आगे बढ़ने की सही दिशा मिलती है। साथ ही उन्होंने बताया कि स्कूल की तरफ से समय-समय पर कला, खेल और शिक्षा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे की बच्चों का चहुंमुखी विकास हो सके। इस मौके पर एसआई दोमाना अनूप कोतवाल व स्कूल शिक्षक आदि मौजूद रहे।