गवर्नर से मिले सईद, सरकार गठन पर चर्चा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कश्मीर से जम्मू शिफ्ट होते ही पीडीपी संरक्षक और पार्टी के सीएम उम्मीदवार मुफ्ती मोहम्मद सईद ने रियासत की सियासत में हलचल मचाई हुई है।
सईद ने बीती रात जम्मू-कश्मीर के गवर्नर एनएन वोहरा से मुलाकात की। डिनर पर मिले सईद और वोहरा के बीच दो घंटे तक सरकार गठन के मुद्दे पर राजभवन में बातचीत हुई।
अभी मुलाकात की अधिक जानकारी नहीं मिल पाई है लेकिन सूत्रों का कहना है कि सईद ने रियासत में राजनीतिक स्थिरता लाने के बारे में ही बात की है।
पार्टी के प्रवक्ता नईम अख्ता का कहना है कि, मुझे इस बारे में कुछ नहीं पता कि सईद और गर्वरन के बीच क्या बातचीत हुई है। सईद से पहले पार्टी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने गवर्नर एनएन वोहरा से मुलाकात की थी।
भाजपा और नेकां को दिखाया ठेंगा
भाजपा से गठबंधन कर सरकार बनाने की संभावनाओं को महबूबा पहले ही खारिज कर चुकी हैं। 14 जनवरी को नेशनल कांफ्रेंस की तरफ से दिए गए समर्थन को भी पार्टी ने ठुकरा दिया है।
पार्टी प्रवक्ता नईम अख्ता ने नेकां के समर्थन पर कहा था, जनता ने बदलाव के लिए नेकां के खिलाफ वोट किया है, केवल 15 सीटों के साथ वह (नेकां) सरकार बनाने का फैसला नहीं कर सकते।
रियासत के गवर्नर एनएन वोहरा ने रियासत में सरकार बनाने की समय सीमा 19 जनवरी तय की थी। लेकिन राजनीतिक अस्थिरता के चलते रियासत में गवर्नर रूल लागू कर दिया गया है।
बीते साल दिसंबर में आए चुनावी नतीजों में पीडीपी को 28, भाजपा को 25, नेकां को 15 और कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत हासिल हुई थी। इसके बाद से रियासत में सरकार गठन को लेकर गतिरोध जारी है।