J&K: कृत्रिम झील के मुद्दे पर विधानसभा में भारी हंगामा, विपक्ष का वॉकआउट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तवी नदी में बन रही कृत्रिम झील के मुद्दे पर सोमवार को जम्मू कश्मीर विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। भाजपा विधायक गगन भगत ने सरकार को घेरते हुए कहा कि 80 प्रतिशत झील का काम पूरा होने की बात कहकर गुमराह किया जा रहा है। इस मामले पर हाउस कमेटी गठित होनी चाहिए।
पर्यटन राज्य मंत्री प्रिया सेठी ने जवाब से संतुष्ट करने की कोशिश की लेकिन भाजपा विधायक ने वाकआउट कर दिया। भाजपा विधायक के समर्थन में विपक्ष ने भी हंगामा शुरू कर दिया। नेकां-कांग्रेस के सदस्यों ने जम्मू की भावनाओं से खिलवाड़ किए जाने का मुद्दा उठाते हुए हाउस कमेटी बनाने की मांग की। सरकार के जवाब से असंतुष्ट नेकां-कांग्रेस सदस्यों ने वाकआउट किया। निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री पवन गुप्ता ने भी वाकआउट किया।
विधायक गगन भगत के प्रश्न के जवाब में पर्यटन राज्य मंत्री ने बताया कि कृत्रिम झील के तहत बेलीचराना के पास तवी नदी पर बैराज सिंचाई व बाढ़ नियंत्रण विभाग की ओर से काम कराया जा रहा है। इस पर 69.70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 57.35 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं और यह मार्च तक उपयोग कर लिए जाएंगे। 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है।
सरकार से असंतुष्ट विपक्षी विधायकों का वॉकआउट
भगत ने सरकार के जवाब पर आपत्ति जताते हुए कहा कि गलत जवाब दिया गया है। कृत्रिम झील का काम 80 प्रतिशत हुआ ही नहीं है। उन्होंने सरकार के दावों की जांच के लिए हाउस कमेटी बनाने की मांग की। सरकार की ओर से जब कोई जवाब नहीं दिया गया तो विधायक ने उत्तर को फाड़कर सदन में फेंक दिया और वाकआउट कर गए।
इसके बाद विपक्षी सदस्यों ने हंगामा शुरू कर दिया। उनका कहना था कि सरकार ने जम्मू की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। यहां का पर्यटन तबाह हो गया है। जम्मू के लिए सरकार ने कुछ भी नहीं किया है। सरकार ने पूर्ववर्ती सरकारों की ओर से शुरू किए गए प्रोजेक्ट को भी पूरा करने की कोशिश नहीं की। उन्होंने हाउस कमेटी की मांग को अनसुना कर दिए जाने पर वाकआउट किया।
नेकां विधायक देवेंद्र सिंह राणा का कहना है कि वाकआउट केवल पर्यटन से जुड़े मुद्दे को लेकर नहीं था, बल्कि विभिन्न परियोजनाओं में जम्मू के साथ हो रहे भेदभाव को लेकर था। उधमपुर से निर्दलीय विधायक और पूर्व मंत्री पवन गुप्ता ने भी कहा कि जवाब गलत है और उसमें दिए गए आंकड़े भी गलत हैं। क्या हम अंधे हैं? सरकार मूर्ख बनाने की कोशिश कर रही है।