आरएसएस नेता की हत्या का मामला, किश्तवाड़ में कर्फ्यू जारी, हिंसक प्रदर्शन
- एसपी दफ्तर व पुलिस चौकी में तोड़फोड़, पथराव
- हिंसक भीड़ को खदेड़ने के लिए आंसू गैस के गोले दागे
- पूर्व मंत्री लाल सिंह व शक्ति परिहार को अंत्येष्टि में शामिल होने जाने से रोका
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रोक के बाद भी धीरे-धीरे हजारों की संख्या में लोग चंद्रकांत के ब्राह्मणा मोहल्ला स्थित आवास पर जुट गए। यहां से दोपहर सवा 12 बजे लोग अंत्येष्टि के लिए निकले। डाक बंगला के पास पुलिस को देखकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। उन्होंने पथराव करना शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। इस दौरान पहुंची सेना ने लोगों को समझा बुझाकर वहां से हटाया। चौगान मैदान में अंत्येष्टि चल रही थी तभी काफी संख्या में महिलाएं व पुरुष वहां से निकलकर एसपी दफ्तर पहुंच गए।
उन्होंने धरना देना शुरू कर दिया। इसी बीच कुछ प्रदर्शनकारियों ने एसपी दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ की। पथराव में वहां कई गाड़ियों के शीशे टूट गए। बाद में कुलीद चौकी पर भी लोगों ने हमला किया। अंत्येष्टि में संघ के राज्य प्रमुख ब्रिगेडियर सुचेत सिंह, स्पीकर डॉ. निर्मल सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना, एमएलसी रमेश अरोड़ा, आरएसएस नेता रूपेश कुमार, मुकेश कुमार, प्रदीप आदि शामिल रहे। इस बीच मारे गए पीएसओ राजिंदर कुमार की अंत्येष्टि मुगल मैदान में की गई।
एसआईटी का गठन, थाना प्रभारी हटाए गए
आरएसएस नेता हत्याकांड की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया गया है। डिप्टी एसपी अय्याज अहमद के नेतृत्व में गठित कमेटी घटना की जांच करेगी। इस बीच थाना प्रभारी हाजी बशीर को हटा दिया गया है। उनकी जगह समीर जिलानी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुरक्षा बलों की ओर से बुधवार को दूसरे दिन भी आतंकियों की तलाश में सर्च आपरेशन जारी रहा। सुदूर के इलाकों में घर-घर तलाशी ली गई ताकि आतंकियों का सुराग मिल सके। मंगलवार को घटना के बाद भी सुरक्षा बलों ने तलाशी अभियान चलाया था।
डाक बंगला के पास प्रदर्शनकारियों ने पाकिस्तान तथा आतंकियों के खिलाफ नारे लगाए। इस दौरान चंद्रकांत शर्मा अमर रहे के नारे भी लगे। इस दौरान प्रदर्शनकारियों के चेहरे पर गुस्सा साफ झलक रहा था।
ड्रोन को पत्थर मार गिराया
चौगान मैदान में अंत्येष्टि के दौरान सुरक्षाबलों की ओर से नजर रखने के लिए ड्रोन की तैनाती की गई थी। ड्रोन देख भड़के लोगों ने पत्थर मारकर उसे गिरा दिया। इसके साथ ही पूरी अंत्येष्टि के दौरान सेना का हेलीकाप्टर लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए था।
'स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन कर्फ्यू जारी है। कुछ प्रदर्शनकारियों ने एसपी दफ्तर में घुसकर तोड़फोड़ करने की कोशिश की।'-शक्ति पाठक, एसएसपी-किश्तवाड़
'लोगों में गुस्सा होने की वजह से कुछ घटनाएं हुई हैं। हालांकि, हालत को नियंत्रण में कर लिया गया है।'- संजीव वर्मा, डिवीजनल कमिश्नर
'अंत्येष्टि में शामिल होने जा रहे पूर्व मंत्री चौधरी लाल सिंह को समर्थकों के साथ डोडा जिले के असर इलाके में रोक लिया गया है। कर्फ्यू जारी है। साथ ही सेना की तैनाती अभी बनी रहेगी।'-अंग्रेज सिंह राणा, डीसी-किश्तवाड़