राकेश हत्याकांड: गुस्से से उबला जम्मू
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ओल्ड जानीपुर रोड, पटौली मोड़ स्थित हरी नगर में बुधवार रात दो बाइक की टक्कर के बाद एक युवक की पीट-पीटकर हत्या किए जाने के बाद जमकर बवाल हुआ। मृतक राकेश कुमार (26) के परिवार वालों ने शव को सड़क पर रख कर प्रदर्शन किया और पांच घंटे से जानीपुर हाईकोर्ट रोड को बंद रखा।
रास्ता बंद होने से हजारों वाहनों की लंबी कतार लग गई। गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी की। एसएसपी उत्तम चंद, एसपी श्रीराम और एसपी एसकेएस चौहान ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार 11 बजे तक समय मांगने की बात पर प्रदर्शन खत्म करवाया।
गिरफ्तारी नहीं होने की स्थिति में गुस्साए लोगों ने दोबारा से प्रदर्शन करने और रोड जाम करने की बात कही। मृतक राकेश के गुस्साए दोस्तों ने हाईकोर्ट रोड पर टायर जलाए और नारेबाजी करते हुए हत्यारों को गिरफ्तारी करने की मांग की।
गिरफ्तारी के बाद ही करेंगे संस्कार
सड़क पर सैकड़ों लोग प्रदर्शन कर रहे थे। घरों और दुकानों की छतों पर भी सैकड़ों लोग जमा थे, सारा बाजार बंद रहा। एसएसपी ने पहले 24 घंटे का समय मांगा, लेकिन परिवार के लोग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर अड़े थे।
फिर पुलिस अधिकारियों, विधायक सत पाल शर्मा, नेता सुरिंद्र सिंह शिंगारी ने परिवार के सदस्यों को शुक्रवार 11 बजे तक आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
आश्वासन मिलने के बाद परिवार वालों ने रास्ते से शव उठाया। इसके बाद यातायात बहाल हो पाया।
अपना छोटा भाई खो चुके अशोक और भोला राम सहित परिवार के अन्य सदस्यों ने पुलिस को चेतावनी दी है कि गिरफ्तारी से पहले किसी भी कीमत पर वे राकेश का संस्कार नहीं करेंगे।
टैक्सी ढककर लौट रहे थे दोनों भाई
जिन लोगों के साथ कुछ घंटे पहले राकेश चाय पीकर घर गया था, उन्हें राकेश की मौत हो जाने की खबर पर विश्वास नहीं हो रहा था। फिर जब सड़क पर रखे राकेश के शव को देखा तो दिल पसीज गया। आंसू रुकने का नाम नहीं ले रहे थे। परिवार के सदस्यों के मुताबिक राकेश पंजतीर्थी में टैक्सी को रंग करके आया था और खाना खाकर बैठा था कि तभी बारिश होने लगी थी।
ग्राहक की टैक्सी पर किया रंग खराब न हो, इसके लिए टैक्सी को तिरपाल से ढककर लौट रहे थे कि तभी मनहूस घड़ी में घर से पचास गज पर हत्यारों ने राकेश की जिंदगी छीन ली।
भाई अशोक ने बताया कि राकेश ने उसे एक युवक द्वारा तंग करने की बात बताई थी, तब उसने कहा था कि कोई बात नहीं वह उससे मिलकर प्यार से बात कर लेंगे, लेकिन मौत ने उस राज को भी दफन कर दिया कि आखिर उसे कौन तंग करता था। भाई अशोक के मुताबिक हो सकता है कि इन्हीं में से वह कोई एक हो, जिसके बारे में उसके भाई ने बात की थी।
मेहनती और मिलनसार था राकेश
हत्या का मामला दर्ज: एसएचओ
जानीपुर एसएचओ अजीत सिंह के मुताबिक जिस बाइक पर हत्यारों ने वारदात को अंजाम दिया। वह (जेेके 02 आर 4596) बाइक सीज कर ली है। इसके साथ राजिंद्र सिंह, विक्की सिंह उर्फ लड्डू, राहुल और अनमोल शर्मा के खिलाफ धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी पलौड़ा के रहने वाले हैं।
मेहनती और मिलनसार था राकेश
मेटाडोर स्टैंड पंजतीर्थी में खोखा यूनियन के उपप्रधान दौलत राम के मुताबिक राकेश उनके साथ ही काम करता था। वह काफी मेहनती और शरीफ लड़का था। मार्केट में भी वह सभी के साथ मिलनसार था।
डाक्टरों के बोर्ड ने किया पोस्टमार्टम
राकेश कुमार की हत्या किए जाने के मामले में परिवार के सदस्यों ने राकेश के शव का पोस्टमार्टम डाक्टरों के बोर्ड से करवाने की मांग की तो जिला प्रशासन की ओर से अनुमति दिए जाने के बाद डाक्टरों के बोर्ड ने पोस्टमार्टम किया।