राजनाथ की दो टूक, मसर्रत पर कारवाई करें मुफ्ती
भाजपा ने अपने सहयोगी पीडीपी से कहा कि मसर्रत आलम जैसे अलगाववादी नेताओं के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद से बात की और पाकिस्तान के समर्थन में नारेबाजी करने वाले मसर्रत आलम पर कार्रवाई की बात की।
राजनाथ सिंह ने बुधवार देर रात जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद को फोन कर आलम सहित देशविरोधी गतिविधियों में शामिल तत्वों पर कार्रवाई करने को कहा है। इससे पहले केंद्रीय राज्य मंत्री किरण रिजिजु ने भी प्रदेश सरकार को मामले में कार्रवाई के लिए कहा।
सूत्रों के मुताबिक राजनाथ सिंह ने मुफ्ती को दो टूक शब्दों में कहा है कि किसी भी देशद्रोही कदम को बर्दाश्त नहीं किया जाए । हालांकि सूत्रों के मुताबिक सीएम मुफ्ती मसरत की गिरफ्तारी नहीं चाहते हैं।
भाजपा प्रवक्ता जीवीएल नरसिम्हा राव ने कहा, 'यह अस्वीकार्य है। इस पर नरमी नहीं बरती जानी चाहिए, यह स्पष्ट रुप से पथभ्रष्टता है और हम उम्मीद करते हैं कि पीडीपी कार्रवाई करेगी।' उन्होंने कहा था, 'अगर कार्रवाई नहीं की गई अगर पीडीपी ने बीजेपी और केंद्र के नोट का संज्ञान नहीं लिया तो इसके गंभीर परिणाम होंगे।'
मसर्रत आलम की भारत विरोध रैली निंदनीय
मुख्यमंत्री मुफ्ती मोहम्मद सईद ने कहा है कि कश्मीर का मसला राजनीतिक है। इस पर छाए अनिश्चितता के बादल को सभी को मिलकर खत्म करना होगा। बाढ़ पीड़ितों को राहत राशि वितरण कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि वे उन लोगों (हुर्रियत) के विचारों को भी समझते हैं।
उसका भी हल किया जाना है। पड़ोसी देश पाकिस्तान से भी रिश्ता बनाए रखने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य मुख्यमंत्री की कुर्सी नहीं है बल्कि वे इस राज्य को शांति एवं प्यार का प्रतीक बनाना चाहते हैं।
इसलिए उन्होंने अपनी पार्टी से साफ कहा कि विधान परिषद में डिप्टी चेयरमैन का पद विपक्ष को दिया जाना चाहिए। उन्हें भी साथ लेकर चलना है। मुफ्ती ने कहा कि रियासत में अमन चैन तथा शांति बहाली की प्रक्रिया में सभी को साथ लेकर चलेंगे।
गिलानी और मसर्रत आलम की भारत विरोध रैली निंदनीय है। इसके लिए अब भाजपा को जवाब देना चाहिए। केंद्र और रियासत में भाजपा की सरकार है और देश विरोधी रैलियां हो रहीं हैं। रियासत और देश की जनता को अब भाजपा के कदम का बेसब्री से इंतजार है।