Mata Vaishno Devi: कटड़ा में बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत, हेलीकॉप्टर सेवा पूरे दिन प्रभावित
कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में हुई बारिश से उमस भरी गर्मी से राहत मिली, लेकिन खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर सेवा पूरे दिन बंद रही। श्रद्धालुओं ने वैकल्पिक मार्गों से यात्रा जारी रखी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मां वैष्णो देवी की पावन नगरी कटड़ा और त्रिकुटा पर्वत क्षेत्र में शनिवार दोपहर हुई बारिश ने दो दिनों तक चली उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत दिलाई। इस मौसमी बदलाव के कारण कटड़ा सहित भवन मार्ग पर मौसम सुहावना हो गया, जिससे देशभर से आए श्रद्धालुओं और स्थानीय निवासियों ने राहत की सांस ली।
बारिश की फुहारों से पहाड़ियों की हरियाली निखर आई और वातावरण भक्तिमय हो उठा। हालांकि, त्रिकुटा पर्वत पर बारिश के साथ घने कोहरे और बादलों की आवाजाही के कारण हेलिकॉप्टर सेवा पूरे दिन बाधित रही। कटड़ा हेलीपैड से भवन के लिए सभी उड़ानें अस्थायी रूप से बंद करनी पड़ीं, जिससे हेलीकॉप्टर से यात्रा की योजना बनाने वाले श्रद्धालुओं को निराशा हुई।
कई श्रद्धालुओं को पैदल मार्ग या फिर घोड़ा, पिठ्ठू और पालकी जैसे वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा। श्राइन बोर्ड और स्थानीय प्रशासन ने सभी यात्रा मार्गों को खुला रखा, जिससे हिमकोटि अर्धकुंवारी और प्राचीन मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही सामान्य रूप से जारी रही। इन मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ पानी, स्वास्थ्य सुविधाएं और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं भी दुरुस्त रहीं।
बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे ''जय माता दी'' के जयघोष के साथ भवन की ओर प्रस्थान करते रहे। रिपोर्ट लिखे जाने तक मौसम ठंडा बना हुआ था और करीब 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन के लिए रवाना हो चुके थे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से मौसम की स्थितियों को ध्यान में रखते हुए यात्रा करने और हेलिकॉप्टर सेवा की अद्यतन स्थिति के लिए अधिकृत हेल्पलाइन या वेबसाइट से जानकारी लेते रहने की अपील की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.