रियासत में बारिश, बर्फबारी से ठंड बढ़ी, नहीं खुला श्रीनगर-कारगिल राजमार्ग
रियासत में बुधवार को दूसरे दिन भी बारिश और बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा। घाटी के अधिकांश हिस्सों में बर्फबारी से तापमान में भारी गिरावट आई है। जम्मू संभाग में बारिश और बर्फबारी से दिन का पारा सामान्य से 10 से 13 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है।
जोजिला के पास कई जगह हिमस्खलन की सूचना है। पर्यटन स्थल नत्थाटाप में आधा फुट बर्फ गिरी है। तीसरे दिन भी राजोरी और पुंछ को शोपियां (कश्मीर) से जोड़ने वाले मुगल रोड पर यातायात बंद रहा। श्रीनगर-कारगिल राजमार्ग भी बंद है। मौसम विभाग श्रीनगर के अनुसार वीरवार को मौसम में सुधार आएगा। लेकिन कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है।
कश्मीर के विश्वविख्यात पर्यटन स्थल गुलमर्ग, सोनामर्ग, जोजिला, साधना टाप, राजदान पास, कुपवाड़ा, बांदीपोरा, पीर की गली, शोपियां के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी हुई। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कई जगह भूस्खलन से बुधवार को कुछ घंटे के लिए राजमार्ग बंद रहा।
एसपी रूरल ट्रैफिक (श्रीनगर) मुजफ्फर अहमद डार के अनुसार जोजिला के आसपास भारी बर्फबारी हुई है। जिससे श्रीनगर-कारगिल राजमार्ग अगले कई दिन तक बंद रह सकता है। वीरवार को जम्मू से श्रीनगर के लिए हल्के वाहनों को छोड़ा जाएगा, जबकि मौसम को ध्यान में रखते हुए श्रीनगर से जम्मू के लिए भारी वाहनों को छोड़ा जाएगा।
जम्मू में दिनभर रुक रुककर बारिश होती रही। जिला कठुआ, राजोरी और पुंछ के निचले इलाकों में बारिश और पर्वतीय इलाकों में बर्फबारी हुई है। मुगलरोड पर लगातार तीसरे दिन भी बर्फबारी हुई। जिला उधमपुर के जुगधार, शिवगढ़ धार, देराटाप, स्योजधार, लद्दाधार व अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फबारी और बारिश हुई।
--------
स्थान न्यूनतम तापमान
कारगिल माइनस 7.0
गुलमर्ग माइनस 3.0
लेह माइनस 1.4
पहलगाम 1.3
श्रीनगर 5.2