कल से बढ़ेंगी रेल मुसाफिरों की मुश्किलें
देश भर से रियासत में आने वाले रेल मुसाफिरों की दुश्वारियां कल से बढ़ने जा रही हैं। जम्मू तवी रेलवे स्टेशन से बाड़ी ब्राह्मणा के बीच ट्रैक विस्तार सहित अन्य तकनीकी काम की वजह से कई ट्रेनें जम्मू आने के बजाय बाड़ी ब्राह्मणा से ही लौट जाएंगी।
ऐसे में जम्मू और कटड़ा तक आने वाले मुसाफिरों को परेशानियां झेलनी होंगी। रेलवे ने इस बाबत पहले से ही शेड्यूल जारी कर दिया है।
जिसमें प्रभावित रहने वाली ट्रेनों के मुसाफिरों को बाड़ी ब्राह्मणा या उससे पूर्व के स्टेशनों से ही जम्मू और कटड़ा तक के लिए अपने स्तर पर वैकल्पिक इंतजाम करने को कहा गया है।
23 जनवरी तक कुल नौ ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित रहेगा
यानी जो मुसाफिर प्रभावित शेड्यूल की ट्रेनों में सफर कर रहे हैं, उन्हें अपने स्तर पर ही ट्रेनें बदलनी होंगी या फिर सड़क मार्ग के माध्यम से अपने शेष सफर को पूरा करना होगा।
डीटीएम सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि 21 से 23 जनवरी तक कुल नौ ट्रेनों का शेड्यूल प्रभावित रहेगा। इनमें कुछ ट्रेनों के समय प्रभावित होगा तो अन्य जम्मू आने के बजाय बाड़ी ब्राह्मणा तक आकर लौटा दी जाएंगी।
तीन दिन के इस शेड्यूल से मुसाफिरों को अवगत करवा दिया गया है, ताकि वह समय रहते अपने स्तर पर मंजिल तक पहुंचने की व्यवस्था करवा लें।