बिलावर। दो नवंबर से लगातार हड़ताल कर रहे वकीलों का विरोध प्रदर्शन शुक्रवार को भी जारी रहा। भूमि पंजीकरण के अधिकार राजस्व विभाग को देने के विरोध में वकील शुक्रवार को भी बिलावर कोर्ट परिसर में धरना प्रदर्शन करते रहे और अपनी मांगों को लेकर वकीलों ने 22वें दिन भी कामकाज ठप रखा।
बार एसोसिएशन बिलावर के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह भढ़वाल के नेतृत्व वकीलों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सरकार जब तक वकीलों की मांग को पूरा नहीं करती, तब तक धरना-प्रदर्शन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्वक तरीके से प्रदर्शन कर रहे वकीलों की सरकार ने आजतक सुध नहीं ली है। अगर सरकार जल्द इस फैसले को नहीं बदलेगी तो वह उग्र प्रदर्शन करने को मजबूर हो जाएंगे। इस मौके पर एडवोकेट बीएस भरान, आईबी गुप्ता, मनेंद्र खजूरिया, सुरेंद्र कुमार रिओथिया सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।