जम्मू में महिला की मौत के बाद भारी बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
जम्मू के विजयपुर के पास रेलवे ट्रैक पर महिला का शव मिलने से नाराज परिवार वालोें ने रविवार को जमकर बवाल काटा। परिवार वालों ने शव सड़क पर रखकर सतवारी चौक पर जाम लगा दिया, जो चार घंटे तक रहा।
महिला के मायके वालों ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि उनकी बेटी ने खुदकुशी नहीं की, बल्कि उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। पुलिस और प्रशासन के आला अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगाें को समझाकर शांत करवाया। इस मामले की न्यायिक जांच होगी, जबकि परिवार के कुछ और लोगों के खिलाफ भी केस दर्ज किया जाएगा।
शनिवार को विजयपुर के पास रेलवे ट्रैक से राया सुचैनी की रहने वाली आशा शर्मा का शव मिला था। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिवार को सौंप दिया। रविवार को महिला के मायके वाले शव को लेकर सतवारी चौक पहुंच गए और चौक बंद कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आश्वासन के बाद बंद हुआ प्रदर्शन
परिवार वालों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या कर उसे रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। इस मामले को खुदकुशी बनाया जा रहा है। दो साल पहले आशा की शादी राया के रहने वाले लखविंदर सिंह के साथ हुई थी। जब तक शादी के पैसे उसके पास थे, तब-तक वह ठीक रहा। पैसे खत्म होते ही वह उसे पीटने लगता।
इसी के साथ पैसों और दहेज की मांग करने लगा। कई बार उसने महिला के साथ मारपीट की। इसे लेकर महिला थाने में केस दर्ज कराया गया। विजयपुर पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कराया गया। तीन महीने पहले वह बोलने लगा कि वह आशा को तंग नहीं करेगा। इस आश्वासन पर आशा को ससुराल भेजा गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। आशा का मायका मढ़ ब्लाक के नंदनी रकवाला गांव में है।
मढ़ के विधायक सुखनंदन चौधरी और एडीसी अरुण मन्हास भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने मायके वालों को आश्वासन दिया कि इस मामले की सांबा के जिला उपायुक्त न्यायिक जांच करेंगे। परिवार के लोगों पर दहेज उत्पीड़न का केस दर्ज होगा। साथ ही अन्य ससुरालियों पर भी कार्रवाई होगी। आश्वासन मिलने के बाद मायके वालों ने प्रदर्शन बंद किया।