Weather Updates: भूस्खलन से पुंछ में 5 दुकानें व एक घर क्षतिग्रस्त, जम्मू-श्रीनगर हाईवे 4 घंटे बाद खुला
प्रदेश में रविवार को कुछ हिस्सों में बारिश और अधिकतर हिस्सों में गर्मी पड़ी। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार गुलमर्ग में 2.4 एमएम बारिश हुई जबकि जम्मू संभाग के बनिहाल में 0.5 एमएम और बटोत व भद्रवाह में भी बारिश हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पुंछ जिले की मंडी तहसील में रविवार की शाम हुई जोरदार बारिश से दौरान भूस्खलन से गांव लोअल बेला में मलबा मंडी-लोरन सड़क पर मलबा आ गिरा। इसकी चपेट में आने से पांच दुकानों और एक मकान को नुकसान पहुंचा है। वहीं पशु चरा रहे लोगों की सतर्कता से मकान और दुकानों में मौजूद कई लोगों की जानें बच गईं।
दूसरी ओर रामबन के मेहाड़ व कैफेटेरिया मोड़ में पहाड़ से पत्थर व मलबा गिरने से जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग करीब चार घंटे बंद रहा। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे मंडी के तहसीलदार शहजादा लतीफ खान ने बताया कि जोरदार बारिश से हुए भूस्खलन से लोअल बेला निवासी मोहम्मद शब्बीर का कच्चा मकान क्षतिग्रस्त हुआ है।
दो कच्ची और तीन पक्की दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। सड़क पर आए मलबे को हटाया जा रहा है। बताया जाता है कि देर शाम करीब पांच बजे मूसलाधार बारिश शुरू होने पर ओलबेला गांव में पशु चरा रहे कुछ लोगों ने देखा कि नाले से कुछ पत्थर लुढ़कने लगे।
इस पर उन्होंने पशुओं को वहां से हटाना शुरू कर दिया। लोगों को भी वहां से दूर भागने के लिए कहा। मलबा आते देख दुकानों में मौजूद लोग बाहर भागे। भूस्खलन से गांव की तरफ जाने वाले कच्चे रास्ते एवं पानी के पाइप को भी नुकसान पहुंचा है।
उधमपुर में रोके वाहनों को घाटी जाने की अनुमति नहीं
उधर रामबन के मेहाड़ व कैफेटेरिया मोड़ में पहाड़ से पत्थर व मलबा गिरने से जम्मू-श्रीनगर हाईवे करीब चार घंटे तक बंद रहा। इसके कारण उधमपुर व रामबन में वाहनों की लंबी कतार लगी रही। रात करीब आठ बजे राजमार्ग खुलने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। हाईवे पर वाहनों की आवाजाही सुबह से ही प्रभावित थी।
मेहाड़ इलाके में सुबह से ही पत्थर गिर रहे थे। दोपहर करीब तीन बजे रामबन में तेज बारिश हुई, और शाम करीब चार बजे मेहाड़ व कैफेटेरिया मोड़ इलाके में मलबा गिरने पर राजमार्ग पूरी तरह बंद हो गया। मौसम में सुधार होने पर शाम करीब 5 बजे राजमार्ग खोलने का काम शुरू किया गया।
रात करीब आठ बजे हाईवे खोल दिया गया। एक साथ वाहन छोड़ने से हाईवे पर जाम की स्थिति बन गई। उधमपुर में रोके गए वाहनों को अभी घाटी की तरफ जाने की अनुमति नहीं दी गई।
प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश, कई जगह मौसम साफ रहने से चढ़ा पारा
प्रदेश में रविवार को कुच हिस्सों में बारिश और अधिकतर हिस्सों में जमकर गर्मी पड़ी। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार गुलमर्ग में 2.4 एमएम बारिश हुई जबकि जम्मू संभाग के बनिहाल में 0.5 एमएम और बटोत व भद्रवाह में भी बारिश हुई है। वहीं अन्य हिस्सों में मौसम साफ रहने से तापमान में बढ़ोतरी हुई है। जम्मू जिले में दिन का अधिकतम तापमान 35.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि श्री माता वैष्णो देवी के आधार शिविर कटड़ा 31.1 डिग्री सेल्सियस तक तापमान चला गया हैं। श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। ब्यूरो