आरएस पुरा। कांग्रेस नेता तथा पूर्व मंत्री चौधरी गारू राम ने कहा कि भाजपा जोर जबरदस्ती और अभद्र व्यवहार करने पर उतर आई है। एक तरफ हिंदुत्व का डंका पीटा जा रहा है तो दूसरी तरफ पूजा पाठ करने वालों को रोका जा रहा है और गिरफ्तार कर लिया जाता रहा है। पांच अगस्त को वह अपने कुछ साथियों के साथ हनुमान मंदिर में पूजा करने जा रहे थे। इस दौरान पुलिस ने भाजपा नेताओं के इशारे पर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जो कि दुर्भाग्यपूर्ण है।
वह यहां प्रेसवार्ता में बोल रहे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के इशारे पर ही उन्हें मंदिर में पूजा करने से रोका गया तथा उन्हें हिरासत में रखा गया। पूर्व मंत्री ने कहा कि अयोध्या में श्रीराम मंदिर के निर्माण कार्य को लेकर काफी उत्साहित थे। इसके चलते वह मंदिर में पूजा अर्चना करने के लिए मंदिर में जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यपूर्ण रहा कि पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पूर्व मंत्री ने कहा कि भगवान श्रीराम कांग्रेस सहित सभी लोगों के हैं। लोकतंत्र में किसी को भी आजादी है कि भारतीय नागरिक मंदिर में जाकर पूजा अर्चना कर सकता है, लेकिन जिस तरह से उन्हें पूजा करने से रोका गया और हिरासत में रखा गया, वह निंदनीय है। इससे यह बात साबित होता है कि भाजपा के इशारे पर ही पुलिस ने उन्हें रोका और हिरासत में लिया। पूर्व मंत्री ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार तानाशाही पर उतर आई है। विपक्ष को दबाने का प्रयास किया जा रहा है। प्रेसवार्ता में देशराज, प्रवीण गुप्ता सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।