शर्मनाक! राहत सामग्री लाने वालों से रिश्वत मांग रही पुलिस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भयंकर बाढ़ और त्रासदी से जूझ रही रियासत और इसके बाशिंदों के लिए जहां हर तरफ से मदद के हाठ उठ रहे हैं वहीं कुछ लोग ऐसे भी हैं जो इन हाथों को रोकने की कोशिश कर रहे हैं।
दिल्ली से राहत सामग्री लेकर आ रहे दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रों के साथ कुछ ऐसा ही किस्सा पेश आया। जो बहुत बुरा अनुभव लेकर घाटी से लौटे। जब इनसे ट्रैफिक पुलिस द्वारा ट्रक पास होने देने के नाम पर रिश्वत की मांग की गई।
वहीं टोल टैक्स वालों ने भी छात्रों के साथ उगाही और अभद्रता में कोई कसर नहीं छोड़ी। टोल टैक्स वाले राहत सामग्री लेकर आ रहे छात्रों से टोल लेने के लिए अड़ गए, जबकि प्रदेश सरकार हर तरह की राहत सामग्री पर टोल टैक्स न लेने के निर्देश दे चुकी है।
राहत सामग्री लेकर आए दिल्ली यूनिवर्सिटी के छात्र शाहजहां ने बताया कि वे लोग दिल्ली से राहत सामग्री लेकर कश्मीर के लिए चले थे। लखनपुरा बार्डर पहुंचने पर जैसे ही वे लोग राहत सामग्री भरा ट्रक लेकर जम्मू कश्मीर की सीमा में प्रवेश करने के लिए हुए पुलिस ने उन्हें रोक लिया।
बोला इंस्पेक्टर-तुम्हारी सामान की कोई जरूरत नहीं
इसके बाद उनसे अनावश्यक पूछताछ शुरू कर दी गई। पुलिस ने ट्रक को चेकिंग के नाम पर घंटो खड़ा रखा। छात्रों का आरोप है कि उनसे पुलिस ने रिश्वत की मांग भी की।
छात्रों ने इस पर एतराज जताया तो आरोप है कि चेकिंग कर रहे इंस्पेक्टर ने उनसे कह दिया कि इस राहत सामग्री की जरूरत कश्मीर वालों को नहीं है तुम इसे वापिस ले जा सकते हो। आरोप है कि विरोध करने पर छात्रों से अभद्रता भी की गई।
इसी बीच एक अन्य इंस्पेक्टर ने बीच बचाव कर उनके ट्रक को रवाना किया। छात्रों की मुसीबतें यहीं कम नहीं हुई। इसके बाद टोल टैक्स वालों ने उनके वाहन को रोक लिया और टोल टैक्स की मांग की।
हरियाणा-पंजाब की पुलिस का रवैया रहा बेहतर
छात्रों ने ट्रक में राहत सामग्री का हवाला देते हुए टोल टैक्स न देने की बात कही तो टोल वालों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। छात्र शहजाद के अनुसार बिना टोल टैक्स दिए उनका ट्रक छोड़ने से इंकार कर दिया गया।
छात्रों का कहना था कि यह सब तब हुआ जब रियासत के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला राहत सामग्री लेकर आने वालों के लिए हर प्रकार की राहत देने की बात कर चुके हैं।
वहीं छात्रों का कहना था कि रियासत के मुकाबले हरियाणा और पंजाब के पुलिसकर्मियों का रवैया बहुत शानदार रहा। रास्ते में उन्हें किसी प्रकार से तंग नहीं किया गया। हर जगह उनके साथ सहयोगात्मक व्यवहार रहा।
बार्डर पर पुलिस ने रोके राहत सामग्री वाले ट्रक
वहीं मंगलवार दोपहर बाद ये भी सूचना मिली की कठुआ के लखनपुर बार्डर पर पुलिस ने दूसरे राज्यों से राहत सामग्री लेकर आने वाले सभी ट्रकों को रोक दिया है।
जानकारी के अनुसार डीसी के आदेशों के बाद सभी ट्रकों को फिलहाल घाटी की सीमा से घुसने से रोक दिया है। माना जा रहा है कि पुख्ता चेकिंग के बाद ही इन ट्रकों को सीमा में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
गौरतलब है कि घाटी में विपदा के दौरान शुरूआत में राहत सामग्री लेकर आने वाले सभी वाहनों को घाटी की सीमा में प्रवेश के लिए विभिन्न जांचों से छूट दी गई थी, लेकिन अब पुख्ता जांच परख के बाद ही राहत सामग्री वाले वाहनों को आने की अनुमति दी जा रही है।