PM Modi Jammu: आज जम्मू आएंगे पीएम मोदी, अभेद्य सुरक्षा के इंतजाम, एंटी ड्रोन सिस्टम-शॉर्प शूटर तैनात
तवी नदी पर भी पहरा है। एमए स्टेडियम से लेकर मकवाल व आरएस पुरा में आईबी तक सुरक्षा कड़ी है। एयरपोर्ट से एमए स्टेडियम तक चप्पे-चप्पे पर एजेंसियों की नजर है। लखनपुर से श्रीनगर हाईवे पर सुरक्षा कड़ी है।
विस्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को जम्मू कश्मीर दौरे पर पहुंच रहे हैं। पीएम मोदी जम्मू शहर के मौलाना आजाद स्टेडियम में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। इस दौरान 30,500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। ये परियोजनाएं स्वास्थ्य, शिक्षा, रेल, सड़क, विमानन, पेट्रोलियम, नागरिक बुनियादी ढांचे सहित कई क्षेत्रों से संबंधित हैं।
अपने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री जम्मू-कश्मीर के लगभग 1500 नवनियुक्त सरकारी कर्मचारियों को नियुक्ति आदेश वितरित करेंगे। प्रधानमंत्री 'विकसित भारत विकसित जम्मू' कार्यक्रम के तहत विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों के साथ बातचीत भी करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 20 फरवरी को प्रस्तावित जम्मू दौरे को लेकर जिले में सुरक्षा अभेद्य कर दी गई है। रैली स्थल का पूरा इलाका सील कर दिया गया है। आसपास के भवनों में एंटी ड्रोन सिस्टम स्थापित करने के साथ ही शॉर्प शूटरों की तैनाती की गई है। बम निरोधक दस्ते के साथ ही डॉग स्क्वॉयड तथा आसपास के इलाकों को खंगाला जा रहा है।
तवी नदी पर भी पहरा है। एमए स्टेडियम से लेकर मकवाल व आरएस पुरा में आईबी तक सुरक्षा कड़ी है। एयरपोर्ट से एमए स्टेडियम तक चप्पे-चप्पे पर एजेंसियों की नजर है। लखनपुर से श्रीनगर हाईवे पर सुरक्षा कड़ी है। खासकर कश्मीर से आने वाले वाहनों की पूरी चेकिंग की जा रही है। सोमवार को सुरक्षा एजेंसियां जम्मू एयरपोर्ट से एमए स्टेडियम तक मॉकड्रिल कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेंगी।रैली को लेकर शहर में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता है। चार दिनों से जिले में हाई अलर्ट है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने में एसपीजी, एनएसजी, एसओजी, पुलिस, सीआरपीएफ और आईटीबीपी जवानों की तैनाती की गई है। एमए स्टेडियम के आसपास सुरक्षा एजेंसियां औचक निरीक्षण कर रही हैं। रविवार को भी एसओजी की टीमों ने डोगरा चौक, ज्यूल चौक, कैनाल रोड और आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सुरक्षा जांच की।
डॉग और बम स्क्वॉयड की टीमों ने पूरे इलाके को खंगाला। तवी नदी के किनारे भी टीमों ने जांच की। इस बीच जम्मू के उपायुक्त सचिन कुमार वैश्य ने आदेश जारी कर जिले में 20 फरवरी तक पैराग्लाइडिंग सहित ड्रोन व हाॅट एयर बैलून उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध की घोषणा की है। आयोजन स्थल (एमए स्टेडियम) को नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है।
होटलों में बिना सत्यापन कमरा न देने की हिदायत
एमए स्टेडियम के आसपास वाले होटल में भी पुलिस की टीमें औचक निरीक्षण कर रही हैं। होटल संचालकों को बिना सत्यापन और पहचान पत्र के किसी को कमरा न देने की हिदायत के साथ होटलों में ठहरने वाले लोगों का पर्याप्त रिकॉर्ड रखने के निर्देश दिए हैं। आयोजन स्थल के साथ लगते सरकारी क्वार्टर में रहने वाले लोगों का पुलिस ने सत्यापन किया है। साइंस कॉलेज, कामर्स कॉलेज को भी सुरक्षा बलों ने अपने निगरानी में लिया है। बिना जांच के वाहन और किसी व्यक्ति को अंदर जाने की अनुमित नहीं है। कॉलेज में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को आई कार्ड के बिना प्रवेश नहीं दिया जा रहा है।
रैली के लिए सुबह 9:30 बजे तक पहुंचें एमए स्टेडियम, एडवाइजरी जारी
जम्मू। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में शामिल होने वाले लोगों के लिए पुलिस ने एडवाइजरी जारी की है। लोगों को आयोजन स्थल एमए स्टेडियम में बिना परेशान के प्रवेश मिले इसके लिए पुलिस ने पर्याप्त व्यवस्था की है। बिना परेशानी में रैली के प्रवेश के लिए पुलिस ने लोगों से सुबह साढे नौ बजे आयोजन स्थल पर पहुंचने को कहा है। कठुआ, सांबा, जम्मू दक्षिण, उधमपुर, रियासी, डोडा, किश्तवाड़, रामबन जिले से आने वाले लोगों को आयोजन स्थल के लिए डोगरा चौक से एमए स्टेडियम के मुख्य प्रवेश द्वारा से प्रवेश मिलेगा।
वहीं जम्मू उत्तर, राजोरी, पुंछ, उधमपुर, रियासी, डोडा, किश्तवाड़ रामबन जिले से आने वाले लोगो को जीजीएम साइंस कॉलेज से प्रवेश मिलेगा। रैली में आने वाले लोगों को कुछ बातों को विशेष ध्यान रखना होगा। अपने साथ आधार कार्ड, इलेक्शन कार्ड, पैन कार्ड या अन्य कोई पहचान पत्र लाना जरूरी होगा। प्रवेश के लिए लाइनों में लगा कर सुरक्षाबलों के साथ सहयोग करना होगा। प्रशासन द्वारा तय किए पार्किंक स्थलों पर ही अपने वाहन पार्क करने होंगे।
अपने साथ ये सामान न लाएं : किसी प्रकार का टिफिन बॉक्स, पानी की बोतल, खाने का सामान, कैमरा, हथियार, सिगरेट, माचिस बॉक्स, लाइटर, छाता या कोई इलेक्टि्रक सामान नहीं लाना होगा। आयोजन स्थल में मोबाइल फोन या स्विच ऑफ या फिर साइलेंट मोड पर रखाना होगा।
48 जगह पार्किंग की व्यवस्था दोपहर 3 बजे तक कोई शुल्क नहीं
पीएम रैली के लिए 20 फरवरी को शहर में वाहन पार्किंग के लिए 48 स्थान चिह्नित किए हैं। मंगलवार की दोपहर 3 बजे तक इन पर पार्किंग शुल्क नहीं लिया जाएगा। मंडलायुक्त रमेश कुमार ने सोमवार 5 बजे तक इन स्थानों को खाली करने का आदेश दिया। शहर में वेयर हाउस, बिक्रम चौक में एसआरटीसी यार्ड, चौथे पुल से बेलीचराना, फ्लायं मंडाल तक, यात्री निवासी भगवती नगर, आसाराम आश्रम, डीआरडीओ अस्पताल, गोल गुजराल मार्ग पर पार्किंग व्यवस्था रहेगी।
जम्मू विवि मैदान, डिवकॉम कार्यालय के पीछे, रेलवे रोड, ट्रांसपोर्ट यार्ड नरवाल, बलिदान स्तंभ, रेलवे स्टेशन से जोरावर सिंह चौक की तरफ जाने वाली सड़क के दोनों तरफ, बावे माता रोड से बत्रा अस्पताल और बजालता तक व्यवस्था रहेगी। डीआरडीओ अस्पताल की पार्किंग से गोल गुजराल कैंप तक, बस स्टैंड में जेडीए पार्किंग, महिला कॉलेज गांधीनगर मैदान, एमएम कॉलेज, कला केंद्र पार्किंग, पॉलिटेक्निक कॉलेज, बाहु प्लाजा पार्किंग, पाल्म आईलैंड पार्किंग, तालाब तिल्लो रोड, बख्शी नगर पुल से अखनूर रोड के दोनों तरफ, साइंस कॉलेज क्रिकेट मैदान, अभिनव थियेटर पार्किंग, साइंस कॉलेज के मैदान में वाहन पार्क किए जा सकेंगे। ज्यूल में ड्राई फ्रुट मंडी, चांद नगर गुरुद्वारा मैदान, परेड ग्राउंड, दशहरा मैदान, अप्सरा रोड, गांधीनगर, बाहु प्लाजा में विशाल मेगा मार्ट, ट्रांसपोर्ट नगर नरवाल, भगवती नगर में महिला डिग्री कॉलेज के पास पार्किंग की व्यवस्था रहेगी।