भारी बारिश ने जम्मू-पठानकोट नेशनल हाईवे पर तबाही मचाई है। इसका असर विजयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी पड़ा है। वहीं लगातार बारिश के कारण देविका पुल का पिलर क्षतिग्रस्त हो गया है। पुल के पिलर कमजोर होकर खिसक गए, जिससे आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है।
यह पुल लगभग एक किलोमीटर लंबा था और राष्ट्रीय राजमार्ग को जोड़ता था। स्थानीय प्रशासन ने यातायात को कोलपुर मार्गों पर मोड़ दिया है, लेकिन यात्रियों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिला प्रशासन के निर्देश पर पुलिस के जवान मौके पर तैनात हैं और स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। एसडीएम संदीप दुबे ने बताया कि देविका पुल क्षतिग्रस्त हुआ है, जिससे यातायात को रोका गया है। कोलपुर दूसरी साइड पर यातायात बहाल किया गया है। एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि लोग बाहर न निकलें, घरों में सुरक्षित रहें। मौसम विभाग ने अगले दो-तीन दिनों तक भारी बारिश और बाढ़ की चेतावनी जारी की है।