जम्मू कश्मीर: प्रदेश में डेंगू प्रभावितों की संख्या आठ हजार पार, 18 लोगों की जान ले चुके हैं मच्छर
प्रदेश में 5 बच्चों समेत 42 लोग डेंगू से पीड़ित मिले। इससे जम्मू कश्मीर में अब तक 8013 लोग डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। प्रदेश में अब तक डेंगू से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला जम्मू और उधमपुर सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
जम्मू कश्मीर में पारा गिरने के बावजूद डेंगू का डंक जारी है। विशेषज्ञों के अनुसार मौजूदा मौसम व्यस्क मच्छरों के लिए अनुकूल है, जिससे अभी पूरी एहतियात बरतने की जरूरत है। वातावरण में पल रहे मच्छर अभी भी इंसानों पर हमले करके उन्हें डेंगू से पीड़ित कर रहे हैं।
इस बीच प्रदेश में शुक्रवार को 5 बच्चों समेत 42 लोग डेंगू से पीड़ित मिले। इससे जम्मू कश्मीर में अब तक 8013 लोग डेंगू से पीड़ित हो चुके हैं। प्रदेश में अब तक डेंगू से 18 लोगों की मौत हो चुकी है। जिला जम्मू और उधमपुर सबसे अधिक प्रभावित रहे हैं। इन्हीं जिलों में सर्वाधिक डेंगू के मामले मिले हैं।
अस्पतालों में डेंगू पीड़ितों के पहुंचने की संख्या में गिरावट आई है, लेकिन अभी भी संदिग्ध बुखार के मरीज पहुंच रहे हैं। संदिग्ध बुखार के मरीजों में लक्षणों के मुताबिक डेंगू के परीक्षण करवाए जा रहे हैं। अभी तक प्रदेश में 29183 डेंगू के परीक्षण करवाए जा चुके हैं, जिसमें आठ हजार से अधिक लोग डेंगू से पीड़ित मिले हैं।
हालांकि अनाधिकारिक तौर पर डेंगू पीड़ितों का आंकड़ा कई हजारों में है। इसमें बड़ी संख्या में लोग डेंगू के उपचार के लिए निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम में गए हैं। जम्मू में शुक्रवार को 23 नए डेंगू के मामले मिले, जिससे अब तक जिले में 5402 मामले मिल चुके हैं।
इसी तरह उधमपुर में 9 डेंगू के मामलों के साथ अब तक 808 मामले मिल चुके हैं। सांबा में 4, कठुआ में 2, पुंछ में 1, डोडा में 2 और रामबन में 1 नया डेंगू का मामला मिला है। गत 20 नवंबर के बाद से प्रदेश में दैनिक आधार पर 50 से कम डेंगू के मामले मिले हैं।
उधमपुर में चार नए मामले आए सामने
उधमपुर जिले डेंगू के मामलों में बढ़ोतरी जारी है। शुक्रवार को डेंगू के चार नए मामले सामने आए हैं और इसी के साथ इनकी संख्या 526 हो गई है। ज्यादातर डेंगू के मामले शहर के अंदर सामने आए हैं। स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम ने डेंगू के मामले वाले मोहल्लों में पहुंच कर दवा के छिड़काव के साथ लोगों को जागरूक भी किया है।
अगस्त के अंत में डेंगू का पहला मामला सामने आया था। इसके बाद लगातार मामले सामने आते चले गए और अब यह हालात है कि जिले में पहली बार डेंगू के मामलों का आंकड़ा 500 पार कर गया है। जिले में डेंगू के कुल मामले 526 हो गए हैं। इनमें 392 मामले शहरी इलाकों में सामने आए हैं और 134 मामले ग्रामीण इलाकों में हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने अभी तक कुल 2665 लोगों के डेंगू के टेस्ट किए हैं। इनमें से 526 लोग डेंगू से पीड़ित पाए गए हैं। 481 लोग ठीक हो चुके हैं और 45 का उपचार चल रहा है। अच्छी बात यह है कि अभी तक जिले में डेंगू से किसी की मौत नहीं हुई है।
मौजूदा समय में किसी को अस्पताल में भी भर्ती नहीं किया गया है। चार मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग की मलेरिया टीम ने घरों में पहुंच कर दवा का छिड़काव किया। इसके साथ ही लोगों को डेंगू से बचने के उपाय बताए।