पाक आतंकी नावेद ने जज से गर्म कपड़े देने की लगाई गुहार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
बीएसएफ काफिले पर हमला करने वाले पाकिस्तानी आतंकी मोहम्मद नावेद याकूब ने बुधवार को जज के सामने गर्म कपड़े मुहैया करवाने की गुहार लगाई।
बुधवार को एनआईए की विशेष अदालत में पेशी के दौरान नावेद ने विशेष जज वाईपी कोतवाल को कहा कि ठंड बढ़ गई है और उसके पास गर्म कपड़े नहीं है।
ठंड से बुरा हाल है। इसलिए उसे गर्म कपड़े दिलाने की कृपा करें। नावेद की गुहार पर जज ने संबंधित अथारिटी को गर्म कपड़े मुहैया करवाने के निर्देश दिए।
पांच अगस्त को उधमपुर में बीएसएफ के काफिले पर हमला करने के दौरान नावेद को ग्रामीणों ने जिंदा पकड़ लिया था। उसके बाद से वह एनआईए या फिर न्यायिक रिमांड पर है।
बुधवार को उसका न्यायिक रिमांड खत्म होने पर एनआईए ने उसे अदालत में पेश किया। उसके साथ लश्कर के तीन ओवरग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) खुर्शीद अहमद भट, शौकत अहमद भट (दोनों पुलवामा) और शाबजार अहमद भट (कुलगाम) को भी कोर्ट में पेश किया गया।
एनआईए के आवेदन पर चारों को 11 दिनों के रिमांड पर कोट भलवाल जेल भेज दिया गया। अब उनकी अगली पेशी 28 नवंबर को होगी।
क्यों जेल में परेशान है आतंकी नावेद
नावेद ने एकबार फिर जज से कहा कि उनसे बंद कोठरी में रखा जा रहा है, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान है। उसे सेल के अलावा किसी अन्य स्थान पर शिफ्ट किया जाए। उल्लेखनीय है कि नावेद ने इससे पहले भी बंद कोठरी से बाहर रखने की अपील जज से की थी।
इस पर जेल अथारिटी ने अदालत को लिखित रूप से सूचित किया था कि कोट भलवाल जेल में कई कुख्यात आतंकी कैद हैं। उनसे नावेद की जान को खतरा हो सकता है। इससे पहले भी एक पाकिस्तानी कैदी सनाउल्लाह की अन्य कैदी ने हत्या कर दी थी।
इसलिए नावेद को सेल में ही रखा जाए। हालांकि जज ने जेल सुपरिंटेंडेंट को निर्देश दिए कि यदि जेल में कोई उचित स्थान हो तो नावेद को सेल की बजाय वहां रखा जाए।
अदालत में पेशी के दौरान पाक आतंकी नावेद का चेहरा काले नकाब से ढका हुआ था, जबकि अन्य तीनों आतंकियों को खुले तौर पर लाया गया। इसके अलावा लश्कर के दो अन्य ओजीडब्ल्यू खुर्शीद अहमद इट्टू और फैयाज अहमद इट्टू वर्तमान में एनआईए के पास पुलिस रिमांड में हैं। दोनों से मीरां साहिब स्थित ज्वाइंट इंटेरोगेशन सेंटर में पूछताछ चल रही है।